स्कूलों में 14 और 16 नवंबर को मनाई जाएगी बिरसा मुंडा जयंती

रायपुर, 11 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के सभी शासकीय, अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त विद्यालयों में जनजातीय गौरव और स्वतंत्रता संग्राम के महानायक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में लोक शिक्षण संचालनालय ने प्रदेश के सभी संभागीय संयुक्त संचालकों और जिला शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।

भगवान बिरसा मुंडा की जयंती प्रत्येक वर्ष 15 नवंबर को मनाई जाती है। इस वर्ष 15 नवंबर को रविवार होने के कारण विद्यालयों में जयंती से संबंधित कार्यक्रम 14 नवंबर अथवा 16 नवंबर 2026 को आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।

विद्यार्थियों को बताए जाएंगे बिरसा मुंडा के संघर्ष और योगदान

लोक शिक्षण संचालनालय के निर्देशानुसार विद्यालयों में भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, स्वतंत्रता आंदोलन में उनकी भूमिका, संघर्ष और आदर्शों पर केंद्रित शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके तहत विद्यार्थियों के लिए लेखन, वाचन और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को उनके व्यक्तित्व, विचारों और ऐतिहासिक योगदान को समझने का अवसर मिलेगा।

शिक्षकों और विद्यार्थियों की सहभागिता पर जोर

संचालनालय ने सभी विद्यालयों को कार्यक्रमों में विद्यार्थियों, शिक्षकों और संस्थागत प्रमुखों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इन आयोजनों का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को भगवान बिरसा मुंडा के अदम्य साहस, संघर्ष, देशप्रेम और जनजातीय समाज के उत्थान के लिए किए गए कार्यों से परिचित कराना है।

इन गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों में स्वतंत्रता संग्राम के महान नायकों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने के साथ उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।