पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में फिर की एयरस्ट्राइक: महिलाओं और बच्चों समेत 9 लोगों की मौत, तालिबान ने दी ‘इतिहास याद रखने’ की चेतावनी

काबुल/इस्लामाबाद। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है। गुरुवार को पाकिस्तानी वायुसेना ने अफगानिस्तान के कुनार और हेलमंद प्रांतों में हवाई हमले (Air Strike) किए। अफगान तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद के अनुसार, इन हमलों में 9 नागरिकों की मौत हो गई, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं, जबकि 11 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
पाकिस्तानी एयरस्ट्राइक में दोनों प्रांतों के करीब 3 रिहायशी मकान पूरी तरह तबाह हो गए हैं। यह इस साल पाकिस्तान द्वारा अफगानिस्तान की सीमा में किया गया 11वां हमला है। रिपोर्टों के अनुसार, इन हमलों में अब तक 800 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है।
पाकिस्तान का दावा- 22 आतंकी ढेर, तालिबान का इनकार
दूसरी ओर, पाकिस्तान सरकार और सेना ने दावा किया है कि उन्होंने सीमा पार स्थित आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाया, जिसमें कम से कम 22 लड़ाके मारे गए।
हालांकि, तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने पाकिस्तानी दावों को खारिज करते हुए हमलों की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि नागरिकों पर हमला अंतरराष्ट्रीय संधियों और नियमों का सीधा उल्लंघन है, जिसे किसी भी कीमत पर जायज नहीं ठहराया जा सकता।
“हमारे सब्र का इम्तिहान न ले पाकिस्तान” — तालिबान मंत्री
हमलों के बाद तालिबान सरकार के मंत्री नूरुल्लाह नूरी ने पाकिस्तान को सख्त लहजे में चेतावनी जारी की है। उन्होंने कहा कि, “पाकिस्तान अफगानों के धैर्य का इम्तिहान न ले। उन्हें अफगानिस्तान का इतिहास याद रखना चाहिए, जहां सोवियत संघ और अमेरिका जैसी दुनिया की सबसे बड़ी महाशक्तियां भी टिक नहीं सकीं।”
क्यों बढ़ रहा है पाकिस्तान और तालिबान के बीच तनाव?
घुसपैठ और ड्रोन का आरोप: पाकिस्तान का आरोप है कि तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के लड़ाके अफगान सरजमीं का इस्तेमाल कर पाकिस्तान में घुसपैठ कर रहे हैं।
TTP का मुद्दा: पाकिस्तान TTP को प्रतिबंधित संगठन मानता है, जबकि अफगान तालिबान और TTP के बीच वैचारिक व रणनीतिक संबंध हैं।
2021 के बाद बढ़ा टकराव: साल 2021 में अफगानिस्तान में तालिबान के सत्ता में आने के बाद से सीमा पर झड़पें और पाकिस्तान द्वारा सीमा पार सर्जिकल/एयर स्ट्राइक की घटनाएं लगातार बढ़ी हैं।

