नगर निगम बीरगांव ने उत्साहपूर्वक मनाया राष्ट्रीय खेल दिवस

बीरगांव। उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव के मार्गदर्शन में नगर पालिक निगम बीरगांव द्वारा हॉकी के महान खिलाड़ी एवं भारत के गौरव मेजर ध्यानचंद की जयंती पर राष्ट्रीय खेल दिवस का आयोजन उत्साह एवं उमंग के साथ किया गया। इस अवसर पर नगर निगम के सांस्कृतिक भवन में विभिन्न पारंपरिक खेल प्रतियोगिताओं तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरोरा में खो-खो एवं कबड्डी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
नगर निगम के सांस्कृतिक भवन में रस्साकशी, कुर्सी दौड़ एवं चम्मच-बांटी दौड़ जैसी पारंपरिक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। वहीं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरोरा में खो-खो एवं कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में छात्र एवं छात्रा दोनों वर्गों के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन के माध्यम से नागरिकों एवं विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा खेलों के प्रति जागरूक करने के साथ ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर श्री नंदलाल देवांगन जी द्वारा किया गया। इस अवसर पर आयुक्त श्री युगल किशोर उर्वशा, एमआईसी सदस्य श्री इकराम अहमद एवं श्री संतोष साहू, तथा पार्षद श्री केहरु राम साहू जी ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कहा कि खेल हमारे जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। विद्यार्थियों एवं युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए।
कार्यक्रम में महापौर, निगम आयुक्त एमआईसी सदस्य पार्षद स्वास्थ्य अधिकारी, स्वच्छता निरीक्षक क्षेत्रीय एवं जिला समन्वयक सहित आडवाणी स्कूल की शिक्षिका श्रीमती आंचल मिश्रा, श्री राजेश सिंह एवं नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय खेल दिवस के आयोजन ने विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों में खेल के प्रति उत्साह और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की भावना को और मजबूत किया।