मंत्री केदार कश्यप के काफिले में बड़ा हादसा, स्कॉर्पियो ने मंत्री की कार और फॉलो वाहन को मारी टक्कर
जगदलपुर-कोंडागांव मार्ग पर जूनवानी के पास दुर्घटना, फॉलो वाहन में सवार चार पुलिसकर्मी घायल; मंत्री सुरक्षित
जगदलपुर/कोंडागांव। जगदलपुर-कोंडागांव मार्ग पर रविवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब जूनवानी के पास मंत्री केदार कश्यप के काफिले में शामिल वाहनों को एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में मंत्री की कार के साथ उनका फॉलो वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में फॉलो वाहन में तैनात चार पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंत्री केदार कश्यप का काफिला फरसागुड़ा से कोंडागांव की ओर जा रहा था। जूनवानी के समीप सामने से आ रही स्कॉर्पियो अचानक मंत्री की कार से टकरा गई। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और वह पीछे चल रहे फॉलो वाहन से जा भिड़ी।
टक्कर से फॉलो वाहन को भारी नुकसान
दोनों वाहनों की भिड़ंत इतनी तेज थी कि फॉलो वाहन को काफी नुकसान पहुंचा। दुर्घटना के बाद मार्ग पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और प्रशासन को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायल पुलिस जवानों को तत्काल उपचार के लिए कोंडागांव जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
चार जवान घायल, अस्पताल में उपचार जारी
हादसे में फॉलो वाहन में तैनात चार पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं। अस्पताल में सभी घायलों का उपचार किया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उनकी स्थिति उपचाराधीन है।
वहीं, दुर्घटना में मंत्री केदार कश्यप सुरक्षित बताए जा रहे हैं। उन्हें किसी गंभीर चोट की सूचना नहीं है।
बड़ा हादसा टला, जनहानि नहीं
तेज रफ्तार वाहनों की भिड़ंत के बावजूद राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। स्कॉर्पियो की रफ्तार और चालक द्वारा वाहन पर नियंत्रण खोने की परिस्थितियों को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।
फिलहाल घायल पुलिसकर्मियों का उपचार जारी है और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।
