महादेव सट्टा केस: 15 करोड़ की डील में फंसे वकील की ED रिमांड आज खत्म
महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में 15 करोड़ रुपए की कथित लेन-देन को लेकर गिरफ्तार दिल्ली के वकील हिमांशु शेखर उर्फ मोहित की ईडी रिमांड शनिवार को खत्म हो रही है। उसे आज रायपुर की विशेष PMLA कोर्ट में पेश किया जाएगा। पूछताछ में सहयोग नहीं मिलने के कारण ईडी उसकी दोबारा रिमांड मांग सकती है।
हिमांशु पर आरोप है कि उसने महादेव ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से केस रफा-दफा कराने के नाम पर 15 करोड़ रुपए लिए थे। इसके बदले उसने जजों और अधिकारियों को मैनेज करने का भरोसा दिलाया था। ईडी दुबई में दोनों की मुलाकातों और कथित हवाला लेन-देन की भी जांच कर रही है।
सौरभ ने पूछताछ में किया खुलासा
ईडी की कस्टडी में 13 से 19 नवंबर तक हुई पूछताछ के दौरान सौरभ चंद्राकर ने कथित तौर पर हिमांशु को 15 करोड़ रुपए देने की बात कही थी। उसके मुताबिक, दिसंबर 2023 से मार्च 2024 के बीच कई किस्तों में रकम दी गई। भुगतान दिल्ली-मुंबई के हवाला ऑपरेटरों और दुबई के जरिए किए जाने का दावा भी किया गया है।
तलाशी में मिले करोड़ों के हिसाब वाले नोट
ईडी ने 21 नवंबर को दिल्ली में हिमांशु से जुड़े चार ठिकानों पर छापेमारी की। पंचशील पार्क स्थित घर से मिले हस्तलिखित नोट्स में 10, 15, 35 और 45 करोड़ रुपए के साथ हर महीने 60 करोड़ रुपए देने का हिसाब दर्ज होने की बात सामने आई है। इनमें “Mumbai Hawala Raju Bhai” और “7 months plan” जैसे उल्लेख भी मिले हैं।
कंपनी के राजस्व में बड़ा उछाल
ईडी के अनुसार, हिमांशु की 75 प्रतिशत हिस्सेदारी वाली Yesya Media Pvt. Ltd. का राजस्व 2022-23 में 52.66 लाख रुपए से बढ़कर 2023-24 में 15.55 करोड़ रुपए हो गया। एजेंसी ने उसके बैंक खातों में बड़ी रकम जमा होने और करीब 2.08 करोड़ रुपए बैलेंस का भी उल्लेख किया है। इन पैसों के स्रोत की जांच जारी है।
हिमांशु ने 65 लाख को बताया फीस
हिमांशु ने दुबई में सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल और अन्य लोगों से मुलाकात की बात स्वीकार की है। हालांकि, उसने 15 करोड़ रुपए लेने के आरोपों से जुड़े लेन-देन का हिसाब नहीं दिया। उसका दावा है कि उसे वसीम कुरैशी से 25 लाख और प्रमोटर्स से 40 लाख रुपए पेशेवर फीस के रूप में बैंक खाते के जरिए मिले थे।
