रायपुर: सावन सोमवार और नागपंचमी पर गृहग्राम बगिया में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने की श्री फलेश्वरनाथ महादेव की पूजा-अर्चना

रायपुर (UPI24 News)। पवित्र सावन मास और नागपंचमी के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने अपनी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय और परिवार के सदस्यों के साथ जशपुर जिले के गृहग्राम बगिया स्थित श्री फलेश्वरनाथ महादेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने महादेव का जलाभिषेक कर प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति की मंगलकामना की।

मैनी नदी के सुरम्य तट पर स्थित इस ऐतिहासिक मंदिर परिसर में 17 से 19 अगस्त तक तीन दिवसीय विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान 1 लाख 11 हजार 111 पार्थिव शिवलिंगों के निर्माण और पूजन का संकल्प लिया गया है। मुख्यमंत्री श्री साय और श्रीमती कौशल्या साय ने श्रद्धालुओं के साथ स्वयं अपने हाथों से पार्थिव शिवलिंग का निर्माण किया तथा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन एवं अभिषेक संपन्न किया।

प्रकृति और परमात्मा के प्रति श्रद्धा का समन्वय इस अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भगवान भोलेनाथ लोकमंगल और लोककल्याण के प्रतीक हैं। हमारी भारतीय संस्कृति में प्रकृति और परमात्मा के प्रति अगाध श्रद्धा का अद्भुत समन्वय देखने को मिलता है। नदियां, वन और पर्वत हमारी जीवन परंपरा के अभिन्न अंग हैं। सावन माह में शिव आराधना हमें प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और सेवा भाव का संदेश देती है।

3 दिवसीय विशेष धार्मिक अनुष्ठान श्री फलेश्वरनाथ महादेव मंदिर परिसर में आयोजित इस अनुष्ठान को लेकर क्षेत्र में अत्यंत भक्तिमय माहौल है। अनुष्ठान के प्रथम दिन पार्थिव शिवलिंग निर्माण, विशेष पूजन, आरती और प्रसाद वितरण का आयोजन हुआ। 18 अगस्त को भी निर्माण व अभिषेक का क्रम जारी रहेगा, जबकि 19 अगस्त को विशेष पूर्णाहुति और महाप्रसाद वितरण के साथ इस तीन दिवसीय अनुष्ठान का समापन होगा।

मुख्यमंत्री ने भगवान शिव से प्रार्थना की कि उनकी कृपा राज्य के प्रत्येक परिवार पर बनी रहे और प्रदेश के अन्नदाता किसानों के खेत-खलिहान सदैव धन-धान्य से समृद्ध रहें।