रायपुर: सेन समाज सनातन परंपराओं और सामाजिक समरसता का मजबूत आधार — मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय

रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर के चिकित्सा महाविद्यालय परिसर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित ‘सेन शक्ति सम्मेलन एवं केश शिल्पी सम्मान समारोह’ में शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सेन समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है। यह समाज जन्म से लेकर विवाह और मृत्यु तक जीवन के प्रत्येक संस्कार में अपनी भूमिका निभाकर सनातन परंपराओं को सहेजने का कार्य कर रहा है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सेन समाज के सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपये की अनुदान राशि देने की घोषणा की। साथ ही प्रदेशभर से आए प्रशिक्षित युवाओं को केश शिल्पी किट वितरित किए।

नया रायपुर में संत शिरोमणि सेन जी महाराज के नाम पर चौक

समारोह में मुख्यमंत्री श्री साय ने घोषणा की कि नया रायपुर में एक प्रमुख चौक का नामकरण संत शिरोमणि सेन जी महाराज के नाम पर किया जाएगा। इसके लिए एक विशेष समिति का गठन किया जा चुका है।

उन्होंने भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर के योगदान को याद करते हुए कहा कि वंचितों और शोषितों के अधिकारों के लिए लड़ा गया उनका संघर्ष पूरे समाज के लिए प्रेरणादायी है।

केश शिल्पियों के कल्याण और सशक्तिकरण पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री व वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में ‘केश शिल्पी कल्याण बोर्ड’ का गठन हुआ था। अब श्री गौरीशंकर श्रीवास के युवा नेतृत्व में इस बोर्ड के माध्यम से समाज के विकास को नई गति दी जाएगी। सैलून संचालन किट वितरण और कौशल विकास प्रशिक्षण के जरिए युवाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।

‘मोदी की गारंटी’ और जनकल्याणकारी योजनाओं का ब्यौरा

मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धियां साझा करते हुए कहा:

  • प्रधानमंत्री आवास योजना: प्रदेश में 18 लाख मकान स्वीकृत किए गए हैं, जिनका निर्माण तेजी से जारी है।

  • धान खरीदी व बोनस: किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी जा रही है।

  • महतारी वंदन योजना: लगभग 70 लाख महिलाओं के खातों में हर महीने 1-1 हजार रुपये (अब तक 19,000 करोड़ रुपये से अधिक) अंतरित किए गए हैं।

  • रोजगार व निवेश: नई औद्योगिक नीति के जरिए 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं और 20 हजार से अधिक पदों पर पारदर्शी भर्तियां की जा चुकी हैं।

  • सुशासन व डिजिटल सेवाएं: ‘सेवा सेतु’ पोर्टल से 700 से अधिक ऑनलाइन सेवाएं और ‘मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076’ के जरिए समस्याओं का घर बैठे समाधान किया जा रहा है।

  • प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना: प्रदेश के 80 हजार घरों में सोलर पैनल लगाए जा चुके हैं, जिनमें से 40 हजार परिवारों का बिजली बिल शून्य आ रहा है।

विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति

कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, केश शिल्पी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष श्री गौरीशंकर श्रीवास, राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, विधायक श्री रिकेश सेन, फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष सुश्री मोना सेन सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और समाज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।