रायगढ़: ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने ₹126.92 करोड़ के विकास कार्यों का किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन

रायगढ़ (21 सितंबर 2026):
सेवा संकल्प अभियान के तहत रायगढ़ जिले के विकास को नई रफ्तार देने के लिए सोमवार को संत पूज्य श्री प्रियदर्शी राम जी ऑडिटोरियम, पंजरी प्लांट में भव्य भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने नगर निगम और लोक निर्माण विभाग (PWD) के कुल 126.92 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए चार और बड़े विकास कार्यों की घोषणा भी की।
शहर के लिए 35.63 करोड़ रुपए की 4 नई घोषणाएं:
संजय मार्केट: निर्माण एवं उन्नयन कार्य – ₹15.67 करोड़
सनलाईजेशन कार्य: केवड़ाबाड़ी से मरीन ड्राइव तक – ₹9.97 करोड़
रामलीला मैदान: विकास, मंच एवं पवेलियन निर्माण – ₹5 करोड़
तालाब संरक्षण: सौंदर्यीकरण एवं संरक्षण कार्य – ₹4.99 करोड़
रायगढ़ बनेगा विकसित और सुव्यवस्थित शहर: उप मुख्यमंत्री श्री साव
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि रायगढ़ जिले को विकसित जिला बनाने के लिए तीव्र गति से कार्य जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर निगम द्वारा प्रस्तुत ₹10 करोड़ के अन्य विकास कार्यों की सूची को भी जल्द ही स्वीकृति दी जाएगी और रायगढ़ के विकास में पैसों की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को सभी कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
औद्योगिक पहचान के अनुरूप मजबूत हो रही अधोसंरचना: ओ.पी. चौधरी
वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी ने दिल्ली से वर्चुअली जुड़कर कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि बीते ढाई वर्षों में रायगढ़ नगर निगम को ₹384.66 करोड़ और PWD के माध्यम से ₹1426 करोड़ रुपए के कार्यों की स्वीकृति मिली है। उन्होंने रिंग रोड, फोरलेन सड़कों, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और संगीत महाविद्यालय जैसे प्रमुख प्रोजेक्ट्स का उल्लेख करते हुए कहा कि रायगढ़ का विकास उसकी औद्योगिक पहचान के अनुरूप किया जा रहा है।
हितग्राहियों को सौंपी गई चाबी: कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को उनके पूर्ण हो चुके पक्के मकानों की प्रतीकात्मक चाबी भी सौंपी गई।
इस अवसर पर लोकसभा सांसद श्री राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह, महापौर श्री जीवर्धन चौहान, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, एसएसपी श्री शशिमोहन सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

