PWD सचिव मुकेश बंसल का सख्त एक्शन: स्वीकृत निविदाओं पर 15 दिन में जारी होंगे वर्क ऑर्डर, खराब सड़कें उखाड़कर फिर बनेंगी

मुख्य अभियंताओं को हर सप्ताह दो दिन फील्ड में रहने के निर्देश, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयसीमा पर होगी सख्त निगरानी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सड़कों, पुलों और भवनों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) ने सख्त रुख अपनाया है। विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने स्वीकृत निविदाओं के कार्यादेश चयनित ठेकेदारों और एजेंसियों को 15 दिनों के भीतर जारी करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही खराब गुणवत्ता वाले सड़क निर्माण कार्यों को उखाड़कर दोबारा बेहतर गुणवत्ता के साथ बनाने को कहा है।

मंत्रालय में आयोजित समीक्षा बैठक में PWD सचिव ने पांचों परिक्षेत्रों, सेतु बंध, विद्युत एवं यांत्रिकी, राष्ट्रीय राजमार्ग तथा प्रमुख अभियंता कार्यालय के मुख्य अभियंताओं के साथ विभागीय कार्यों की समीक्षा की। बैठक में निर्माणाधीन भवनों, सड़कों, पुलों और नई परियोजनाओं की निविदा प्रक्रिया की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई।

15 दिन के भीतर जारी करना होगा वर्क ऑर्डर

सचिव मुकेश बंसल ने कहा कि जिन निर्माण कार्यों की निविदाएं स्वीकृत हो चुकी हैं, उनके कार्यादेश जारी करने में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। चयनित ठेकेदारों और एजेंसियों को 15 दिनों के भीतर वर्क ऑर्डर जारी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाए, ताकि अनुकूल कार्य मौसम का पूरा लाभ मिल सके।

उन्होंने वित्तीय वर्ष 2025-26 और चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में स्वीकृत कार्यों की निविदा प्रक्रिया जल्द पूरी कर सभी परियोजनाओं को धरातल पर शुरू कराने के निर्देश भी दिए।

हर सप्ताह दो दिन फील्ड में रहेंगे मुख्य अभियंता

निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और गति सुनिश्चित करने के लिए सचिव ने सभी मुख्य अभियंताओं को सप्ताह में कम से कम दो दिन फील्ड में जाकर निरीक्षण करने को कहा। उन्होंने ठेकेदारों के कामकाज की नियमित मॉनिटरिंग करने और अधीक्षण अभियंता से लेकर उप अभियंता तक की बैठक लेकर प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए।

साथ ही निर्माण कार्यों में अच्छी भौतिक और वित्तीय प्रगति सुनिश्चित करने तथा ठेकेदारों को नियमित भुगतान करने पर भी जोर दिया।

खराब सड़कें उखाड़कर दोबारा बनाने के निर्देश

बैठक में सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सचिव ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट किया कि ठेकेदारों द्वारा गुणवत्ताहीन काम किए जाने पर उसे स्वीकार नहीं किया जाएगा। खराब निर्माण कार्यों को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप दोबारा कराया जाए।

इसके तहत मानपुर-कोहका मार्ग, गरियाबंद में राष्ट्रीय राजमार्ग के हिस्से और कबीरधाम जिले में परफॉर्मेंस गारंटी के अंतर्गत आने वाले बानौ-कान्हाभैरा मार्ग के खराब हिस्सों को उखाड़कर दोबारा बनाने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्यों में निर्माण सामग्री की गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और निर्धारित समयसीमा के भीतर परियोजनाएं पूरी की जाएं।

जन शिकायतों और लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा

समीक्षा बैठक में निर्माण कार्यों के अलावा भू-अर्जन, वन व्यपवर्तन, न्यायालयीन मामलों, अनुकंपा नियुक्ति और पेंशन प्रकरणों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। इसके साथ ही सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी और CPGRAMS (केंद्रीकृत लोक शिकायत निवारण एवं निगरानी प्रणाली) में प्राप्त शिकायतों के निराकरण की प्रगति पर चर्चा हुई।

बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव, सीजीआरआईडीसीएल के अतिरिक्त प्रबंध संचालक शशांक पाण्डेय, उप सचिव अंशिका पाण्डेय सहित विभाग के सभी मुख्य अभियंता उपस्थित रहे।

PWD विभाग का फोकस अब निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता, जवाबदेही और समयसीमा का पालन सुनिश्चित करने पर है।