गंदगी मिलने पर बेकरी और शराब दुकान अहाता पर 20 हजार का जुर्माना

नगर निगम जोन-6 की टीम ने दो स्थानों पर किया औचक निरीक्षण, संचालकों को सफाई व्यवस्था सुधारने की चेतावनी

रायपुर। शहर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के तहत नगर निगम जोन-6 के स्वास्थ्य विभाग ने दो स्थानों पर औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अयोध्या नगर स्थित चाँद बेकरी और भाठागांव शराब दुकान के अहाते में गंदगी पाए जाने पर दोनों संचालकों पर 10-10 हजार रुपये का ई-जुर्माना लगाया गया। इस तरह कुल 20 हजार रुपये की कार्रवाई की गई।

नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन कमिश्नर प्रीति सिंह के मार्गदर्शन तथा जोन स्वास्थ्य अधिकारी आत्मानंद साहू की उपस्थिति में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने चंद्रशेखर आजाद वार्ड क्रमांक-60 के अयोध्या नगर स्थित चाँद बेकरी का निरीक्षण किया। यह कार्रवाई बेकरी में गंदगी को लेकर प्राप्त जनशिकायत के आधार पर की गई थी। जांच के दौरान बेकरी परिसर में भारी गंदगी और साफ-सफाई का अभाव मिला। शिकायत सही पाए जाने पर संचालक पर तत्काल 10 हजार रुपये का ई-जुर्माना लगाया गया। साथ ही भविष्य में स्वच्छता मानकों का पालन नहीं करने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की चेतावनी देते हुए परिसर में नियमित साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए गए।

इसी क्रम में जोन-6 की टीम ने भाठागांव स्थित शराब दुकान के अहाते का भी निरीक्षण किया। यहां भी भारी मात्रा में गंदगी और कचरा पाए जाने पर संबंधित अहाता संचालक के खिलाफ कार्रवाई की गई। जोन कमिश्नर के निर्देश पर जोन स्वास्थ्य अधिकारी ने संचालक पर 10 हजार रुपये का ई-जुर्माना लगाया और भविष्य में ऐसी लापरवाही दोहराने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।

नगर निगम जोन-6 के स्वास्थ्य विभाग ने दोनों मामलों में प्राप्त जनशिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित परिसरों में स्वच्छता बनाए रखने की हिदायत दी। निगम ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक एवं व्यावसायिक परिसरों में गंदगी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।