चक्रधर समारोह की छठवीं सांस्कृतिक संध्या में कला और संस्कृति का दिखा अनूठा संगम

रायगढ़। 41वें अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त चक्रधर समारोह की छठवीं सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में पहुंचने से पहले उन्होंने रामलीला मैदान परिसर में भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इसके बाद उन्होंने महाराजा चक्रधर सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर सांसद विजय बघेल ने समारोह में प्रस्तुति देने वाले कलाकारों और प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कला प्रेमी, स्थानीय नागरिक और विभिन्न क्षेत्रों से आए अतिथि उपस्थित रहे।
महाराजा चक्रधर सिंह ने कला और कलाकारों को दिया सशक्त मंच
समारोह को संबोधित करते हुए विजय बघेल ने कहा कि चक्रधर समारोह में शामिल होना उनके लिए विशेष अनुभव है। उन्होंने कहा कि महाराजा चक्रधर सिंह ने संगीत, कला, संस्कृति और परंपराओं को एक मंच पर लाने के साथ कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया। उनके प्रयासों ने कला एवं संस्कृति को नई पहचान दिलाने और कलाकारों को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि चक्रधर समारोह चार दशकों से अधिक समय से कला और सांस्कृतिक परंपराओं को निरंतर आगे बढ़ा रहा है। देश के अलग-अलग राज्यों से आने वाले कलाकार अपनी लोक एवं शास्त्रीय प्रस्तुतियों के माध्यम से भारत की समृद्ध और विविध सांस्कृतिक विरासत को एक मंच पर लेकर आते हैं।
विजय बघेल ने कहा कि भारत में भाषा, बोली, खान-पान और रीति-रिवाजों की विविधता है, लेकिन कला और संस्कृति लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने का काम करती है। ऐसे आयोजन देश की सांस्कृतिक एकता को मजबूत करने के साथ विभिन्न क्षेत्रों की परंपराओं को समझने और साझा करने का अवसर भी प्रदान करते हैं।
चक्रधर समारोह की परंपरा को आगे बढ़ाने वालों को दी बधाई
सांसद विजय बघेल ने महाराजा चक्रधर सिंह के वंशजों, समारोह से जुड़े परिवार और आयोजन समिति को इस सांस्कृतिक विरासत को लगातार आगे बढ़ाने के लिए बधाई दी। उन्होंने देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे कलाकारों, कवियों, पत्रकारों और कला प्रेमियों का छत्तीसगढ़ की धरती पर स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान विजय बघेल ने छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय गीत ‘मोर संग चलो रे’ की मधुर प्रस्तुति के माध्यम से उपस्थित जनसमुदाय को विकसित भारत-2047 के संकल्प की दिशा में मिलकर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, उर्वशी देवी सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह, स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, कलाकार और हजारों की संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।

