जनगणना-2027: 25 जनवरी से घर-घर पहुंचेगी गणना टीम
मुख्य सचिव ने तैयारियों की समीक्षा कर समयबद्ध और त्रुटिरहित जनगणना के दिए निर्देश
रायपुर, 27 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियों को गति दे दी गई है। इस चरण में प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति की जनसांख्यिकीय और सामाजिक-आर्थिक जानकारी जुटाई जाएगी। जनगणना कार्य को व्यवस्थित, पारदर्शी और त्रुटिरहित तरीके से पूरा करने के उद्देश्य से मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें सभी संभागायुक्तों, जिला कलेक्टरों और जिला जनगणना अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने तथा मैदानी स्तर पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
कार्यशाला में डिप्टी रजिस्ट्रार जनरल ऑफ इंडिया वृषाली वराडे, अपर मुख्य सचिव निहारिका बारिक, जनगणना निदेशक कार्तिकेय गोयल सहित सभी जिलों के कलेक्टर, संभागायुक्त और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
व्यक्तिगत जानकारी के संकलन में शुद्धता पर रहेगा विशेष जोर
डिप्टी रजिस्ट्रार जनरल ऑफ इंडिया वृषाली वराडे ने बताया कि जनगणना का पहला चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना से संबंधित था, जबकि दूसरे चरण में प्रत्येक व्यक्ति की व्यक्तिगत जानकारी दर्ज की जाएगी। इसमें जनसांख्यिकीय और सामाजिक-आर्थिक पहलुओं से जुड़े निर्धारित प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रजनन, दिव्यांगता, धर्म और जाति जैसे विषय भी इसमें शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े देश और राज्यों की विकास योजनाओं एवं नीतियों का आधार बनते हैं। इसलिए इनकी सटीकता और विश्वसनीयता बनाए रखना बेहद जरूरी है।
उन्होंने प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों की पर्याप्त नियुक्ति और बेहतर प्रशिक्षण पर जोर देते हुए जिला अधिकारियों से सोशल मीडिया सहित अन्य माध्यमों से जनजागरूकता बढ़ाने की अपील की। साथ ही जनगणना को लेकर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं का तत्काल खंडन करने के निर्देश दिए।
प्रशिक्षण और निगरानी से सुनिश्चित होगी जनगणना की गुणवत्ता
मुख्य सचिव विकासशील ने कहा कि जनगणना का पहला चरण सफलतापूर्वक पूरा किया गया है। अब दूसरे चरण को भी पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ संपन्न करना होगा। उन्होंने कलेक्टरों को निर्देश दिए कि वे जनगणना के दिशा-निर्देशों का अध्ययन कर अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारियां स्पष्ट करें। प्रगणकों को इस तरह प्रशिक्षित किया जाए कि वे नागरिकों और परिवारों से सहज संवाद स्थापित कर सही जानकारी प्राप्त कर सकें। उन्होंने समय-सीमा का पालन, नियमित पर्यवेक्षण और सतत मॉनिटरिंग को जनगणना की सफलता के लिए आवश्यक बताया। नागरिकों की सहायता के लिए पर्याप्त मार्गदर्शन और सहयोग की व्यवस्था करने पर भी बल दिया।
जनगणना कर्मियों के स्थानांतरण पर रोक के निर्देश
मुख्य सचिव ने कहा कि जनगणना को लेकर आम नागरिकों के बीच किसी तरह की गलतफहमी नहीं होनी चाहिए। लोगों को बताया जाए कि इस प्रक्रिया में एकत्रित की जाने वाली जानकारी का उपयोग केवल सांख्यिकीय आंकड़ों के संकलन के लिए किया जाएगा। इसका किसी प्रमाण पत्र या अन्य सरकारी योजना की पात्रता से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने जनगणना कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों के स्थानांतरण पर रोक संबंधी निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा।
स्थानीय स्तर पर जनजागरूकता बढ़ाने की जरूरत
अपर मुख्य सचिव निहारिका बारिक ने कहा कि जनगणना के प्रति लोगों का विश्वास और सहयोग हासिल करना बेहद महत्वपूर्ण है। इसके लिए प्रगणकों को नागरिकों से संवाद करने और आवश्यक जानकारियां सहजता से प्राप्त करने का प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए। उन्होंने बस्तर के हाट-बाजारों सहित ग्रामीण और स्थानीय क्षेत्रों में जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने का सुझाव दिया, ताकि आम लोगों को जनगणना की प्रक्रिया और उसके महत्व की जानकारी सरल भाषा में मिल सके।
10 जनवरी से स्व-गणना, 25 जनवरी से घर-घर सर्वेक्षण
जनगणना निदेशक कार्तिकेय गोयल ने पहले चरण में मकान सूचीकरण के तहत हुए कार्यों की जानकारी देते हुए दूसरे चरण की कार्ययोजना प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि इस बार जनसंख्या गणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जाएगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 10 से 24 जनवरी 2027 तक नागरिकों को स्व-गणना की सुविधा मिलेगी। इसके बाद 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर प्रत्येक व्यक्ति की जानकारी दर्ज करेंगे। एक से पांच मार्च 2027 तक पुनरीक्षण का कार्य किया जाएगा।
स्व-गणना के दौरान नागरिक स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। प्रक्रिया पूरी होने पर एक विशिष्ट आईडी जनरेट होगी, जिसे घर पहुंचने वाले प्रगणक को देना होगा। स्व-गणना की सुविधा वैकल्पिक होगी, इसे अपनाना अनिवार्य नहीं है।
33 जिलों के 60 हजार से अधिक गणना ब्लॉकों में होगा सर्वेक्षण
प्रदेश के सभी 33 जिलों, 14 नगर निगमों, 19,978 गांवों और 195 नगरीय क्षेत्रों में जनसंख्या गणना की जाएगी। इसके लिए 47 प्रमुख जनगणना अधिकारियों और 472 चार्ज के माध्यम से प्रशासनिक व्यवस्था तैयार की गई है। प्रदेश में अनुमानित 60,682 गणना ब्लॉक बनाए जाएंगे। कार्य के लिए 10 प्रतिशत आरक्षित कर्मचारियों सहित कुल 62,102 प्रगणकों और 10,667 पर्यवेक्षकों की आवश्यकता होगी। प्रत्येक छह प्रगणकों के कार्यों की निगरानी के लिए एक पर्यवेक्षक नियुक्त किया जाएगा।
प्रत्येक गणना ब्लॉक में करीब 800 लोगों की होगी गणना
पहले चरण में तैयार किए गए मकान सूचीकरण ब्लॉकों को दूसरे चरण में जनगणना ब्लॉक के रूप में परिवर्तित किया जाएगा। प्रत्येक ब्लॉक में लगभग 800 लोगों को शामिल किया जाएगा। अधिक आबादी वाले क्षेत्रों को जरूरत के अनुसार छोटे उप-गणना ब्लॉकों में बांटा जाएगा। इस प्रक्रिया में नई बसाहटों, झुग्गी बस्तियों, बहुमंजिला इमारतों और आवासीय एवं व्यावसायिक भवनों को भी शामिल किया जाएगा। मकान सूचीकरण ब्लॉकों की सीमाओं में विसंगतियों, दोहराव और छूटे हुए क्षेत्रों की पहचान कर उनका निराकरण 30 नवंबर 2026 तक करने के निर्देश दिए गए हैं।
पांच चरणों में प्रशिक्षित किए जाएंगे जनगणना कर्मचारी
जनगणना कार्य में एकरूपता और गुणवत्ता बनाए रखने के लिए पांच स्तरीय प्रशिक्षण व्यवस्था लागू की गई है। राष्ट्रीय प्रशिक्षकों, मास्टर ट्रेनर्स तथा जिला एवं चार्ज अधिकारियों का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। अब 2 से 12 दिसंबर तक जिला मुख्यालयों में फील्ड ट्रेनर्स के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 21 दिसंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक चार्ज स्तर पर प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित किया जाएगा।
16 भाषाओं में उपलब्ध होगा जनगणना मोबाइल एप
डिजिटल जनगणना के लिए विशेष मोबाइल एप तैयार किया गया है, जो 16 भाषाओं में उपलब्ध रहेगा। इंटरनेट कनेक्टिविटी नहीं होने पर भी कर्मचारी ऑफलाइन माध्यम से जानकारी दर्ज कर सकेंगे। जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली (सीएमएमएस) पोर्टल के जरिए गणना ब्लॉकों का निर्धारण, कर्मचारियों को कार्य आवंटन, प्रशिक्षण और कार्यों की प्रगति पर नजर रखी जाएगी। नागरिकों की व्यक्तिगत जानकारी सुरक्षित रखने के लिए पासवर्ड, ओटीपी और डेटा एन्क्रिप्शन जैसी तकनीकों का इस्तेमाल किया जाएगा।
दिसंबर से फरवरी तक चलेगा व्यापक जनजागरूकता अभियान
जनगणना में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए दिसंबर 2026 के मध्य से 28 फरवरी 2027 तक व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। विभिन्न विभागों के सहयोग से लोगों को जनगणना की प्रक्रिया, महत्वपूर्ण तिथियों और व्यक्तिगत जानकारी की गोपनीयता के बारे में बताया जाएगा। कार्यशाला में जनगणना के सफल संचालन के लिए विभागों के बीच समन्वय, नियमित निगरानी, तकनीकी सहयोग और आंकड़ों के सत्यापन को प्राथमिकता देने पर सहमति जताई गई।
