छत्तीसगढ़ में मजबूत होगी डेटा सुरक्षा और साझाकरण व्यवस्था
रायपुर, 27 नवंबर 2026। प्रदेश में शासकीय डेटा की सुरक्षा, विभिन्न विभागों के बीच सूचनाओं के व्यवस्थित आदान-प्रदान और डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन (DPDP) एक्ट, 2023 के प्रभावी पालन की दिशा में पहल तेज कर दी गई है। इसी सिलसिले में आज मंत्रालय महानदी भवन में स्टेट डेटा गवर्नेंस कमेटी की पहली बैठक आयोजित हुई। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में राष्ट्रीय स्तर पर विकसित डेटा प्रबंधन प्रणाली की तर्ज पर छत्तीसगढ़ में मजबूत डेटा गवर्नेंस व्यवस्था और डेटा सेंटर विकसित करने पर चर्चा की गई।
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत विभिन्न शासकीय विभागों के डेटा का सुरक्षित एवं व्यवस्थित संधारण किया जाएगा। साथ ही, केंद्र सरकार के साथ आवश्यक सूचनाओं के साझाकरण के लिए भी बेहतर प्रणाली तैयार की जाएगी, जिससे नीतियों के निर्माण और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सहायता मिलेगी।
डीपीडीपी एक्ट के क्रियान्वयन और नागरिक अधिकारों पर चर्चा
बैठक में वर्ष 2027 तक डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन एक्ट, 2023 को लागू करने की तैयारियों की समीक्षा की गई। इस दौरान नागरिकों के व्यक्तिगत डेटा की सुरक्षा, उसके रखरखाव की जिम्मेदारी, डेटा फिड्यूशियरी और डेटा प्रोसेसर की भूमिका तथा केंद्र और राज्य सरकार के संबंधित विभागों की जवाबदेही जैसे विषयों पर विचार-विमर्श हुआ।
अधिकारियों को नागरिकों के डेटा से जुड़े अधिकारों की जानकारी भी दी गई। इसके तहत नागरिक अपने व्यक्तिगत डेटा की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे, उसमें सुधार करा सकेंगे और उसे हटाने का अनुरोध कर सकेंगे। इसके अलावा शिकायत दर्ज कराने, प्रतिनिधि नामित करने और पहले दी गई सहमति वापस लेने का अधिकार भी शामिल है।
सभी सरकारी एप्लीकेशन में लागू होगा केंद्रीकृत कंसेंट मॉड्यूल
मुख्य सचिव विकासशील ने निर्देश दिए कि शासकीय विभागों के विभिन्न एप्लीकेशन में नागरिकों की सहमति प्राप्त करने के लिए एक समान केंद्रीकृत कंसेंट मॉड्यूल विकसित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह प्रणाली सरल, सुरक्षित और स्वचालित होनी चाहिए, ताकि सभी सरकारी एप्लीकेशन में सहमति प्रबंधन की एकरूप व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
डेटा सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए सिक्योरिटी ऑपरेशन सेंटर (SOC) के माध्यम से चौबीसों घंटे सुरक्षा गतिविधियों की निगरानी करने पर भी जोर दिया गया।
‘डिजिटल द्वार’ से विभागों के बीच होगा डेटा का आदान-प्रदान
बैठक में छत्तीसगढ़ शासन के डेटा एक्सचेंज प्लेटफॉर्म ‘डिजिटल द्वार’ के विकास और प्रभावी उपयोग पर भी विस्तार से चर्चा हुई। इस प्लेटफॉर्म का उद्देश्य विभिन्न शासकीय विभागों के बीच डेटा का सुरक्षित और सुचारू आदान-प्रदान सुनिश्चित करना है।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को डीपीडीपी एक्ट और ‘डिजिटल द्वार’ प्लेटफॉर्म की कार्यप्रणाली से संबंधित विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने तथा आगे की कार्ययोजना तैयार करने के लिए कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश दिए।
बैठक में आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद, आदिम जाति विकास विभाग के सचिव भुवनेश यादव सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
