मुख्य सचिव ने धान खरीदी और राजस्व सुधारों की समीक्षा की
मुख्य सचिव विकासशील ने आज मंत्रालय में राजस्व प्रशासन, प्रदेश में चल रही धान खरीदी तथा सुशासन एवं अभिशरण विभाग से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजस्व विभाग में किए जा रहे सुधारों पर अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की और प्रगति की जानकारी ली।
धान खरीदी की समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने सहकारी समितियों में धान के संग्रहण और उपार्जन केंद्रों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त उपार्जन एवं उप-संग्रहण केंद्र स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि खरीदी और भंडारण की प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो सके।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि धान बेचने वाले किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही बारदानों की पर्याप्त उपलब्धता, उपार्जन केंद्रों में धान के सुरक्षित भंडारण और समितियों में धान के भौतिक सत्यापन पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने सत्यापन के बाद धान के उठाव की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा कलेक्टरों को खरीदी व्यवस्था की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री एवं सुशासन एवं अभिशरण विभाग के सचिव राहुल भगत ने सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित और सहज निराकरण के लिए लागू की जा रही नई व्यवस्था की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अब शिकायतकर्ता नागरिकों को संबंधित अधिकारी से सीधे संवाद करने की सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। इस पर मुख्य सचिव ने अधिकारियों से विस्तार से चर्चा की।
बैठक में गृह एवं जेल विभाग की अपर मुख्य सचिव निहारिका बारिक सिंह, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले, राजस्व विभाग की सचिव शम्मी आबिदी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, संभागायुक्त और जिलों के कलेक्टर उपस्थित रहे।
