बिलासपुर में 4-5 दिसंबर को होगा राज्य स्तरीय युवा महोत्सव
रायपुर, 27 नवंबर 2026। प्रदेश के युवाओं की कला, संस्कृति और रचनात्मक क्षमता को मंच देने के लिए 4 और 5 दिसंबर को बिलासपुर के बहतराई स्थित स्वर्गीय बी.आर. यादव राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र में राज्य स्तरीय युवा महोत्सव आयोजित किया जाएगा। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस महोत्सव में प्रदेश के सभी 33 जिलों से करीब तीन हजार प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। उद्घाटन और समापन समारोह आउटडोर स्टेडियम में प्रस्तावित हैं, जिनमें मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
आयोजन की तैयारियों का जायजा लेने खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो ने आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मुख्य मंच, अतिथियों और कलाकारों के लिए बनाए जा रहे ग्रीन रूम सहित अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी तैयारियां 30 नवंबर तक पूरी करने के निर्देश दिए।
युवा महोत्सव में लोकनृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, निबंध लेखन और पारंपरिक वेशभूषा जैसी विभिन्न विधाओं में प्रतिभागी अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। आउटडोर स्टेडियम के मुख्य मंच पर उद्घाटन एवं समापन समारोह के साथ सांस्कृतिक संध्या और लोकनृत्य की प्रस्तुतियां होंगी। इंडोर स्टेडियम में लोकगीत और चित्रकला, कबड्डी हॉल में नुक्कड़ नाटक तथा अतिरिक्त डोम में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग और पीपीटी प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। प्रशासनिक भवन में निबंध लेखन एवं पारंपरिक वेशभूषा की गतिविधियां होंगी, जबकि निर्माणाधीन तीरंदाजी मैदान में रॉक बैंड अपनी प्रस्तुति देगा। प्रतिभागियों के भोजन की व्यवस्था भी इसी मैदान में की जाएगी।
संचालक खलखो ने प्रतिभागियों के ठहरने के लिए शहर के विभिन्न हॉस्टलों को आरक्षित कर उनकी सूची तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने आयोजन परिसर में पर्याप्त रोशनी, महिला प्रतिभागियों की सुरक्षा के लिए पुलिस बल, चिकित्सा सुविधा और अग्निशमन वाहन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा स्थानीय आवागमन के लिए परिवहन विभाग के माध्यम से छह बसें उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
महोत्सव स्थल पर प्रतिभागियों और दर्शकों के मनोरंजन के लिए चौपाटी एवं झूलों की व्यवस्था भी की जाएगी। इसके लिए बिलासपुर नगर निगम के अधिकारियों से समन्वय कर आवश्यक सहयोग लेने को कहा गया है। संचालक ने 1 दिसंबर को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी जिलों को प्रतिभागियों के आवास, भोजन और आयोजन स्थलों से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त संचालक प्रभाकर पाण्डेय, उप संचालक ए. एक्का, युवा कल्याण अधिकारी जितेन्द्र नायक सहित विभागीय और खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के अधिकारी उपस्थित थे।
