विकसित भारत–जी राम जी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू
रायपुर। विकसित भारत–जी राम जी योजना के बेहतर क्रियान्वयन और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से 12 नवंबर को ठाकुर प्यारेलाल सिंह राज्य ग्रामीण विकास संस्थान, निमोरा में तीन दिवसीय प्रशिक्षण सह समीक्षा कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। आयुक्त वीबी–जी राम जी एवं संचालक, प्रधानमंत्री आवास योजना–ग्रामीण तारन प्रकाश सिन्हा की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यशाला में प्रदेश के सभी 33 जिलों के कार्यपालन अभियंता (आरईएस), सहायक परियोजना अधिकारी, कार्यक्रम अधिकारी और योजना से जुड़े अन्य अधिकारी-कर्मचारी शामिल हो रहे हैं।
गुणवत्तापूर्ण और टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण पर जोर
कार्यशाला के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए तारन प्रकाश सिन्हा ने कहा कि विकसित भारत @2047 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण और दीर्घकालिक उपयोग वाली परिसंपत्तियों का निर्माण जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों के चयन और क्रियान्वयन में जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जलवायु अनुकूल विकास कार्यों को प्राथमिकता देने पर बल दिया।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में वीबी–जी राम जी योजना के तहत आजीविका डबरी, कंटूर ट्रेंच, बालिका शौचालय और मुक्तिधाम शेड जैसे नवाचारपूर्ण कार्यों को बढ़ावा दिया जा रहा है। इन पहलों से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ स्थायी सामुदायिक परिसंपत्तियों का निर्माण भी हो रहा है।
तकनीकी मार्गदर्शिका और कार्य पुस्तिकाओं का वितरण
प्रशिक्षण के पहले दिन भारत सरकार के प्रतिनिधि के रूप में विकसित ग्राम पंचायत योजना के विशेषज्ञों ने भी सहभागिता की और योजना निर्माण से संबंधित तकनीकी मार्गदर्शन दिया। कार्यशाला में योजना के विभिन्न प्रावधानों, विकसित भारत ग्राम पंचायत प्लान (VGPP) और क्रियान्वयन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
इस दौरान प्रतिभागियों को तकनीकी मार्गदर्शिका पुस्तिका, 375 प्रकार के अनुमेय कार्यों की सूची, विकसित ग्राम पंचायत योजना (VGPP), धार-अपार और सुघ्घर बारी पुस्तिकाएं वितरित की गईं। इसके अलावा विभिन्न जिलों से आए अधिकारियों को अपने अनुभव, नवाचार और सफल कार्यप्रणालियां साझा करने का अवसर भी दिया गया।
तीन दिनों में 33 जिलों के अधिकारियों को मिलेगा प्रशिक्षण
12 से 14 नवंबर 2026 तक आयोजित इस कार्यशाला में जिलों की भागीदारी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रखी गई है। इसके तहत 12 नवंबर को 12 जिलों, 13 नवंबर को 11 जिलों और 14 नवंबर को शेष 10 जिलों के प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कार्यशाला के दौरान योजना के प्रावधानों, प्रशासनिक एवं तकनीकी प्रक्रियाओं, कार्यों के चयन, मैदानी स्तर पर आने वाली चुनौतियों और उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। साथ ही अधिकारियों की कार्यक्षमता बढ़ाने, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, प्रभावी निगरानी व्यवस्था विकसित करने और निर्धारित समय-सीमा में योजनाओं को पूरा करने के लिए आवश्यक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण विकास से जुड़े अधिकारियों को योजना की प्रक्रियाओं और व्यावहारिक पहलुओं की बेहतर समझ प्रदान कर मैदानी स्तर पर कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सक्षम बनाना है।
