सूरजपुर में नाबालिग से दुष्कर्म के बाद मुंहबोले बाबा की हत्या: पीड़िता ने सब्बल से सिर फोड़ा और ब्लेड से गला काटा

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के थाना क्षेत्र महुआपारा में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ एक 65 वर्षीय बुजुर्ग ने काम के सिलसिले में आई अपनी 17 वर्षीय नाबालिग रिश्तेदार (नातिन) के साथ आधी रात को जबरदस्ती की। इस घटना से आक्रोशित होकर नाबालिग पीड़िता ने पास रखे सब्बल से बुजुर्ग के सिर पर वार किया और ब्लेड से गला काटकर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस ने आरोपी पीड़िता को हिरासत में लेकर कोर्ट में पेश किया, जहाँ से उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है।

मुंहबोले बाबा के घर रुकी थी पीड़िता

मिली जानकारी के अनुसार, SECL कर्मचारी कामता प्रसाद साहू का मकान महुआपारा में निर्माणाधीन है। मकान की देखरेख के लिए चौकीदार सीताराम गोंड़ (65 वर्ष) को रखा गया था। नाबालिग लड़की कुछ दिन पूर्व काम की तलाश में सूरजपुर आई थी और दूर का रिश्तेदार होने के नाते चौकीदार सीताराम के पास ही रुकी हुई थी। वह उसे बाबा कहकर बुलाती थी।

आधी रात को की दरिंदगी

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि 27 सितंबर की रात दोनों खाना खाने के बाद सो गए थे। आधी रात को सीताराम ने नाबालिग के साथ जबरन दुष्कर्म किया। इस घटना से गुस्साई लड़की ने पास में रखे भारी सब्बल से उसके सिर पर प्राणघातक हमला किया और फिर बिस्तर के पास रखी ब्लेड से गला रेत दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सुबह भागते समय मजदूरों ने देखा

घटना के बाद डर और अंधेरा होने के कारण पीड़िता रातभर वहीं रही। अगली सुबह जब वह निर्माणाधीन मकान से निकलकर भाग रही थी, तब वहां काम करने आए मजदूरों ने उसे देख लिया। मजदूरों ने जब अंदर जाकर देखा तो सीताराम का खून से लथपथ शव पड़ा था।

मजदूरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और संदेही लड़की को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद उसने पूरी घटना का खुलासा किया। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है।