मुख्यमंत्री ने किया युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान

रायपुर। राजधानी में देवेंद्र नगर चौक से लाल चौक तक नशामुक्ति पदयात्रा आयोजित की गई, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, युवाओं, महिलाओं, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने भाग लिया। पदयात्रा के समापन पर मुख्यमंत्री ने लाल चौक स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नशामुक्त और स्वस्थ छत्तीसगढ़ ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव बनेगा। नशे का दुष्प्रभाव व्यक्ति के साथ पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा शिक्षा, कौशल, खेल, रोजगार, उद्यमिता और रचनात्मक कार्यों में लगाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत 25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक नशामुक्ति पदयात्रा सप्ताह आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता के अवसर बढ़ाने के साथ सेमीकंडक्टर, डेटा सेंटर जैसे उभरते क्षेत्रों में निवेश को प्रोत्साहित कर रही है।

उन्होंने विधायक पुरंदर मिश्रा द्वारा पिछले 27 वर्षों से नशामुक्ति, वृक्षारोपण और स्वच्छता जैसे सामाजिक विषयों पर पदयात्रा आयोजित किए जाने की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक बदलाव के लिए जनभागीदारी जरूरी है। उन्होंने युवाओं और नागरिकों से नशामुक्ति का संदेश अपने परिवार और समाज तक पहुंचाने की अपील की।

इस अवसर पर लक्ष्मी वर्मा, पुरंदर मिश्रा, संजय श्रीवास्तव, गौरीशंकर श्रीवास, मोना सेन, अमरजीत छाबड़ा और ममता साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।