गुटखा कारोबारी के ठिकानों पर DGGI की बड़ी रेड: रायपुर में गोदाम पर छापा, 50 से अधिक बोरे सामग्री जब्त
रायपुर (UPI24 News)। राजधानी रायपुर में डायरेक्टरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस (DGGI) की टीम ने टैक्स चोरी और अवैध कारोबार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है। महाराष्ट्र से मिले ठोस इनपुट के आधार पर DGGI की टीम ने शहर के एक प्रमुख गुटखा कारोबारी के गोदाम और ठिकानों पर दबिश दी।
50 से अधिक बोरे संदिग्ध गुटखा जब्त
छापेमारी के दौरान टीम ने मौके से 50 से अधिक बोरे संदिग्ध गुटखा, कच्चा माल और पैकिंग सामग्री जब्त की है। अधिकारियों को अंदेशा है कि बिना बिल और बड़े पैमाने पर जीएसटी (GST) की चोरी कर गुटखा का अवैध भंडारण व परिवहन किया जा रहा था।
दस्तावेजों और बिलों की जांच जारी
महाराष्ट्र से मिली गुप्त सूचना के बाद सतर्क हुई DGGI की टीम गोदाम में मौजूद स्टॉक, खरीद-बिक्री के बिलों और वित्तीय दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि कागजात के मिलान और जांच पूरी होने के बाद टैक्स चोरी के बड़े मामले का खुलासा हो सकता है। कार्रवाई के बाद से इलाके के कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

