बीरगांव: ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत सार्वजनिक स्थलों पर चला व्यापक सफाई अभियान, 4-वे सेग्रीगेशन का दिया संदेश

बीरगांव:

नगर पालिक निगम बीरगांव में स्वच्छता और जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए बड़े पैमाने पर ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान का संचालन किया जा रहा है। निगम आयुक्त श्री युगल किशोर उर्वशा के निर्देशन में आज बीरगांव क्षेत्र के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों की सघन साफ-सफाई की गई, साथ ही नागरिकों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग बंद करने और स्वच्छता बनाए रखने के प्रति जागरूक किया गया।

घर-घर जाकर दिया 4-वे सेग्रीगेशन का संदेश:

निगम की ‘स्वच्छता दीदियों’ ने घर-घर जाकर नागरिकों को 4-वे सेग्रीगेशन (कचरा पृथक्करण) के बारे में विस्तार से जानकारी दी। नागरिकों को समझाया गया कि वे:

  • गीला कचरा

  • सूखा कचरा

  • सैनेटरी वेस्ट और

  • विशेष देखभाल योग्य कचरा (Hazardous/Special Waste)

को अलग-अलग डस्टबिन में रखें और डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों में निर्धारित श्रेणी के अनुसार ही कचरा सौंपें।

सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग न करने की अपील:

अभियान के दौरान लोगों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक का बहिष्कार कर पर्यावरण-अनुकूल (कपड़े/जूट के थैले) विकल्पों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

स्वच्छता को दैनिक आदत बनाएं: आयुक्त श्री उर्वशा

बीरगांव निगम आयुक्त श्री युगल किशोर उर्वशा ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि “स्वच्छता केवल किसी अभियान या दिन विशेष तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना आवश्यक है। स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बीरगांव के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता महत्वपूर्ण है।”

नगर पालिक निगम बीरगांव द्वारा इस स्वच्छता अभियान को निरंतर प्रभावी ढंग से जारी रखने और जन-सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए नियमित रूप से जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।