दिल्ली: कालकाजी में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार, मुठभेड़ में बाल-बाल बचे पुलिसकर्मी

नई दिल्ली:
राजधानी दिल्ली के कालकाजी इलाके में एक नाबालिग बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म के मामले में दिल्ली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुठभेड़ (एनकाउंटर) के बाद मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम आरोपी को पकड़ने के लिए इलाके में दबिश देने पहुंची थी। खुद को घिरता देख शातिर आरोपी ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिसके बाद आरोपी को काबू में कर लिया गया।
बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचाई सिपाही की जान: मुठभेड़ के दौरान आरोपी द्वारा चलाई गई एक गोली सीधे कार्रवाई में शामिल पुलिसकर्मी की छाती पर जा लगी। हालांकि, सिपाही द्वारा बुलेटप्रूफ जैकेट पहने होने के कारण उनकी जान बाल-बाल बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके पास से हथियार जब्त कर लिए हैं। पुलिस मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

