छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय हुआ मानसून, पांच दिनों तक तेज बारिश के आसार; कई जिलों में अलर्ट
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में देर रात से सुबह तक बारिश का दौर जारी रहा। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल-उत्तर ओडिशा के तटीय क्षेत्र के आसपास बना कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। यह सिस्टम समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक प्रभावी है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक यह सिस्टम अगले 48 घंटे में और मजबूत हो सकता है। इसके उत्तर ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल की ओर बढ़ने की संभावना है। इसके असर से छत्तीसगढ़ में आगामी पांच दिनों के दौरान बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की है।
रायपुर में बादल छाए रहने का अनुमान
राजधानी रायपुर में 31 अगस्त को दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। शहर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान करीब 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है।
कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने सुबह 10 बजे तक प्रदेश के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में बारिश के साथ तेज हवा तथा आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
वहीं सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव सहित कई अन्य जिलों में हल्की वर्षा का अनुमान है। इन क्षेत्रों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
अगले पांच दिन बढ़ेगी बारिश की गतिविधि
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले पांच दिनों के दौरान बारिश का प्रभाव बढ़ सकता है। इस अवधि में कुछ स्थानों पर भारी बारिश, जबकि कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। पिछले 24 घंटों में भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश रिकॉर्ड की गई है। बलरामपुर जिले में एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा दर्ज हुई।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में अब तक मानसूनी बारिश लगभग सामान्य रही है। मौजूदा सीजन में राज्य में सामान्य से करीब 3 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में बारिश बढ़ने की संभावना को देखते हुए लोगों को गरज-चमक और आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है।
