रायपुर की सड़कों पर आवारा मवेशियों के खिलाफ निगम का अभियान तेज, तीन इलाकों से 27 मवेशी पकड़े

रायपुर। राजधानी की सड़कों पर आवारा मवेशियों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं और यातायात संबंधी परेशानियों को रोकने के लिए रायपुर नगर निगम ने धरपकड़ अभियान जारी रखा है। निगम के सभी 10 जोनों में काऊकैचर टीमों और विशेष टीमों की मदद से लगातार कार्रवाई की जा रही है।

उच्च न्यायालय के निर्देशों तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की गाइडलाइन के तहत जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया जा रहा है। निगम की टीमों द्वारा प्रमुख सड़कों, बाजार क्षेत्रों और व्यस्त मार्गों पर खुले में घूम रहे मवेशियों को पकड़कर हटाया जा रहा है।

भाठागांव और संतोषी नगर में 22 मवेशी पकड़े

अभियान के दौरान जोन 6 की टीम ने भाठागांव क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए सड़क पर घूम रहे 9 आवारा मवेशियों को पकड़ा। इसके अलावा संतोषी नगर-मठपुरैना रिंग रोड क्षेत्र से 13 मवेशियों की धरपकड़ की गई।

इसी तरह जोन 4 की टीम ने पेंशनबाड़ा, बूढ़ापारा और लाखेनगर मार्ग पर कार्रवाई की। इन क्षेत्रों से कुल 5 आवारा मवेशियों को पकड़ा गया।

निगम के अनुसार शहर के अलग-अलग हिस्सों में काऊकैचर टीमों की कार्रवाई आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगी। विशेष रूप से ऐसे मार्गों और क्षेत्रों पर निगरानी बढ़ाई जा रही है, जहां सड़क पर मवेशियों के बैठे या घूमते रहने से यातायात प्रभावित होने अथवा दुर्घटना की आशंका रहती है।

मवेशी खुले में छोड़ने पर मालिकों पर होगी कार्रवाई

नगर निगम ने पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने मवेशियों को सड़कों पर खुला न छोड़ें और उन्हें सुरक्षित स्थान पर बांधकर रखें। निगम का कहना है कि सड़क पर खुले घूमने वाले मवेशियों के कारण वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

निगम ने स्पष्ट किया है कि बार-बार अपील के बावजूद यदि कोई पशुपालक अपने मवेशियों को सार्वजनिक मार्गों पर खुले में छोड़ता पाया जाता है, तो संबंधित मवेशी मालिक के खिलाफ नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम ने पशुपालकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि शहर की सड़कों को सुरक्षित और सुगम बनाए रखने में नागरिकों की जिम्मेदारी भी महत्वपूर्ण है।