रक्षाबंधन पर जगन्नाथ मंदिर पहुंचे राज्यपाल रमेन डेका, प्रदेश की खुशहाली के लिए की प्रार्थना

रायपुर। रक्षाबंधन के अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका और फर्स्ट लेडी रानी डेका काकोटी ने रायपुर के गायत्री नगर स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में पहुंचकर भगवान जगन्नाथ के दर्शन किए। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान को रक्षासूत्र अर्पित किया और प्रदेश की सुख-शांति के लिए प्रार्थना की।

पूजन के दौरान राज्यपाल ने देश और छत्तीसगढ़ के लोगों के लिए सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन भारतीय संस्कृति में भाई-बहन के बीच प्रेम, विश्वास और आत्मीय रिश्ते का प्रतीक पर्व है। यह त्योहार समाज में आपसी सद्भाव, सहयोग और भाईचारे की भावना को और मजबूत करता है।

राज्यपाल ने रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख और शांति की कामना की। मंदिर परिसर में इस दौरान श्रद्धालुओं की मौजूदगी रही और धार्मिक वातावरण में पर्व की खुशियां साझा की गईं।

कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा सहित मंदिर के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।