रायपुर: सगे पिता ने नाबालिग बेटी से किया दुष्कर्म, नवजात को बेचा; फर्जी दस्तावेज बनाने वाली डॉक्टर समेत 6 गिरफ्तार
रायपुर (UPI24 News): राजधानी रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक कलयुगी पिता ने अपनी ही 16 वर्षीय नाबालिग बेटी के साथ 3 साल तक दुष्कर्म किया। पीड़िता के दो बार गर्भवती होने पर साजिश के तहत पहली बार गर्भपात कराया गया और दूसरी बार जन्म लिए नवजात शिशु को बेच दिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता, बुआ और फर्जीवाड़ा करने वाली महिला डॉक्टर समेत कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
शराब पिलाकर किया दुष्कर्म, धमकी देकर रखा खामोश पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि वर्ष 2023 में अमलीडीह स्थित एक रिश्तेदार के मकान में पिता ने उसे जबरन शराब पिलाई और मारपीट कर दुष्कर्म किया। घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़िता जब पहली बार गर्भवती हुई, तो उसकी बुआ ने भी पिता का साथ दिया और पीड़िता के साथ मारपीट कर उसे जबरन गर्भपात की दवा खिला दी।
फर्जी आधार कार्ड बनाकर दिखाया बालिग शारीरिक शोषण का सिलसिला यहीं नहीं रुका। वर्ष 2025 में पीड़िता दोबारा गर्भवती हो गई। इसके बाद आरोपी पिता उसे डॉक्टर वर्षा मंडल और उसकी परिचित गीता राय के पास ले गया। आरोपियों ने नाबालिग की वास्तविक उम्र छिपाने के लिए फर्जी आधार कार्ड तैयार करवाया और उसे बालिग व शादीशुदा बताकर डंगनिया स्थित वासुदेव अस्पताल में भर्ती कराया।
अस्पताल में प्रसव के बाद नवजात को बेचा अस्पताल में पीड़िता ने एक बेटे को जन्म दिया। प्रसव के बाद आरोपियों ने नवजात शिशु को किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया। पीड़िता की आपबीती सुनने के बाद न्यू राजेंद्र नगर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट (POCSO Act), जेजे एक्ट और बीएनएस (BNS) की संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस ने इन 6 आरोपियों को किया गिरफ्तार पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता, बुआ समेत अन्य सहयोगियों—रोहित राय, साहेब मंडल, योगिता राय उर्फ गीता और बरखा वर्मा उर्फ वर्षा मंडल को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 2 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस नवजात की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य तारों की भी जांच कर रही है।
