रायपुर: युवाओं की ऊर्जा और रचनात्मकता से बनेगा विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ — मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
रायपुर (UPI24 News): छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित ‘मेरा युवा भारत’ (माय भारत) की प्रदेश स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने पर विशेष जोर दिया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और रचनात्मकता ही विकसित भारत के साथ-साथ विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने की मुख्य शक्ति है।
‘सशक्त युवा-सशक्त छत्तीसगढ़’ का संकल्प मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेश में ग्राम स्तर से लेकर राज्य स्तर तक एक मजबूत युवा नेटवर्क तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को स्वास्थ्य, स्वच्छता, शिक्षा, खेल, पर्यावरण संरक्षण, कृषि, पर्यटन और आपदा प्रबंधन जैसे विभिन्न क्षेत्रों में सेवा और नेतृत्व के अवसर दिए जाने चाहिए। इससे न केवल युवाओं को व्यावहारिक अनुभव मिलेगा, बल्कि समाज को भी उनकी सकारात्मक ऊर्जा का लाभ मिलेगा।
छत्तीसगढ़ में 6.60 लाख से अधिक युवा पंजीकृत बैठक के दौरान अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा 31 अक्टूबर 2023 को शुरू किए गए ‘माय भारत’ प्लेटफॉर्म से देशभर में 2.65 करोड़ से अधिक युवा जुड़ चुके हैं। छत्तीसगढ़ में भी अब तक 6.60 लाख से अधिक युवाओं ने इस पर पंजीकरण कराया है।
-
अनुभव आधारित शिक्षण (ELP): प्रदेश के 233 ईएलपी कार्यक्रमों के माध्यम से 2,389 से अधिक युवाओं को शासन की गतिविधियों से जुड़ने का मौका मिला है।
-
स्वयंसेवा के अवसर: राज्य में 5,778 वालंटियर अवसरों के जरिए 23,900 से अधिक युवाओं ने विभिन्न सामाजिक और रचनात्मक गतिविधियों में भाग लिया है।
बस्तर के युवाओं को मिलेंगे विशेष अवसर मुख्यमंत्री ने बस्तर के युवाओं को माय भारत की गतिविधियों से व्यापक स्तर पर जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बस्तर अब हिंसा के दौर को पीछे छोड़कर शांति और विकास की ओर बढ़ रहा है। बस्तर ओलंपिक और बस्तर पंडुम जैसे आयोजनों की तर्ज पर माय भारत के माध्यम से भी वहां के युवाओं को उनकी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर दिया जाएगा।
बैठक में उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, मुख्य सचिव श्री विकासशील, माय भारत की सीईओ डॉ. प्रियंका शुक्ला सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर माय भारत की वालंटियर अदिति द्वारा निर्मित ट्राइबल आर्ट की एक पेंटिंग मुख्यमंत्री को भेंट की गई।
