एक जमीन पर दो दावे, जयंती दुर्गा बोलीं—’मेरे पास हैं सभी वैध दस्तावेज’

रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई क्षेत्र में स्थित ग्राम खमतराई के खसरा नंबर 247/56 की 1551 वर्गफुट भूमि को लेकर स्वामित्व एवं कब्जे का विवाद सामने आया है। मामले में नायब तहसीलदार, रायपुर द्वारा संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर सुनवाई के लिए उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आवेदिका उषा वर्मा ने तहसील न्यायालय में प्रस्तुत आवेदन में दावा किया है कि संबंधित भूमि उनके स्वत्व एवं आधिपत्य की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि लगभग 1300 वर्गफुट भूमि पर जयंती दुर्गा द्वारा अनाधिकृत कब्जा किया गया है। आवेदन में कथित अतिक्रमण हटाकर भूमि का कब्जा दिलाने की मांग की गई है।
दूसरी ओर, नोटिस मिलने के बाद जयंती दुर्गा ने स्वयं को पीड़ित बताते हुए कहा है कि उनके पास संबंधित भूमि से जुड़े सभी वैध सरकारी दस्तावेज उपलब्ध हैं तथा उन्होंने नियमानुसार मकान का निर्माण कराया है। उनका कहना है कि यदि उनके दस्तावेज विधिसम्मत हैं, तो उसी भूमि पर किसी अन्य व्यक्ति का दावा कैसे किया जा सकता है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है।
इस प्रकरण के सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर भूमि की खरीद-बिक्री, अभिलेखों की सत्यता तथा स्वामित्व संबंधी प्रक्रियाओं को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, यह स्पष्ट करना आवश्यक है कि एक ही भूमि की दोहरी रजिस्ट्री या बिक्री होने संबंधी किसी भी तथ्य की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।ऐसे सभी पहलुओं का परीक्षण राजस्व न्यायालय में प्रस्तुत अभिलेखों एवं साक्ष्यों के आधार पर किया जाएगा।
फिलहाल मामला तहसील न्यायालय में विचाराधीन है। न्यायालय ने दोनों पक्षों को निर्धारित तिथि पर उपस्थित होकर अपना पक्ष एवं संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। आगामी सुनवाई में उपलब्ध अभिलेखों और साक्ष्यों के आधार पर मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होने की संभावना है।