छत्तीसगढ़: कांकेर में प्रदेश का पहला ‘QR कोड आधारित डिजिटल ई-मालखाना’ शुरू, डिप्टी सीएम अरुण साव ने किया शुभारंभ
रायपुर/कांकेर: छत्तीसगढ़ में स्मार्ट पुलिसिंग और डिजिटल गवर्नेंस की दिशा में एक नया अध्याय जुड़ गया है। उप मुख्यमंत्री तथा कांकेर जिले के प्रभारी मंत्री श्री अरुण साव ने आज कांकेर सिटी कोतवाली थाने में प्रदेश के पहले ‘ई-मालखाना’ (E-Malkhana) का भव्य शुभारंभ किया।
यह कांकेर सिटी कोतवाली छत्तीसगढ़ का पहला ऐसा थाना बन गया है, जहाँ क्यूआर कोड (QR Code) आधारित डिजिटल ट्रैकिंग प्रबंधन प्रणाली लागू की गई है। इस नई व्यवस्था से जब्तशुदा माल के रखरखाव और ट्रैकिंग को पूरी तरह से पारदर्शी, आधुनिक और सुव्यवस्थित बना दिया गया है।
इस अवसर पर डिप्टी सीएम श्री साव ने जिला पुलिस को प्राप्त एक नवीन बस सहित चार पुलिस वाहनों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना भी किया।
QR कोड स्कैन करते ही खुलेगी पूरी कुंडली
ई-मालखाना के शुभारंभ के बाद उप मुख्यमंत्री ने ऑनलाइन ट्रैकिंग प्रक्रिया का लाइव डेमो देखा और कांकेर पुलिस की इस अनूठी पहल की सराहना की।
इस डिजिटल प्रणाली की खासियतें निम्नलिखित हैं:
-
तुरंत जानकारी: मालखाने में रखे प्रत्येक बॉक्स के लिए एक विशिष्ट क्यूआर कोड जनरेट किया गया है।
-
वन-स्कैन डेटा: बॉक्स पर चस्पा क्यूआर कोड को स्कैन करते ही अपराध प्रकरण का विवरण, बॉक्स में बंद जब्त सामान की संख्या, प्रकार और तिथि की पूरी जानकारी स्क्रीन पर आ जाएगी।
-
सुरक्षित डेटाबेस: मोबाइल, नकदी, हथियार, आभूषण, मादक द्रव्य (NDPS) और प्रॉपर्टी डॉक्यूमेंट्स जैसी सभी केस प्रॉपर्टी का डिजिटल रिकॉर्ड एक क्लिक पर उपलब्ध रहेगा।
-
पेपरलेस वर्क: इस व्यवस्था से थानों में कागजी माथापच्ची कम होगी और शत-प्रतिशत डिजिटल अभिलेख (Paperless Work) तैयार होगा।
क्या है बदलाव? अब तक प्रदेश के कुछ थानों में बार कोड स्कैनर की सुविधा थी, लेकिन क्यूआर कोड के जरिए डिजिटल मालखाना प्रबंधन प्रणाली लागू करने वाला कांकेर प्रदेश का पहला जिला बन गया है।
विवेचना और अदालती प्रक्रिया में मिलेगी तेजी
पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा ने उप मुख्यमंत्री को बताया कि इस डिजिटल प्रबंधन व्यवस्था के पीछे मुख्य उद्देश्य जब्त संपत्ति के रखरखाव को अधिक सुरक्षित और जवाबदेह बनाना है। इससे फायदा यह होगा कि विवेचना (Investigation) और न्यायालयीन प्रक्रिया के दौरान कोर्ट में पेश करने के लिए आवश्यक साक्ष्य या सामग्री को बिना समय गंवाए शीघ्रता से खोजा जा सकेगा।
उत्कृष्ट जवानों का हुआ सम्मान, ये दिग्गज रहे उपस्थित
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने उत्कृष्ट सेवा देने वाले पुलिस अधिकारियों और जवानों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका हौसला बढ़ाया।
इस गरिमामय कार्यक्रम में कांकेर सांसद श्री भोजराज नाग, विधायक श्री आशाराम नेताम, छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी, नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरुण कौशिक, उपाध्यक्ष श्री उत्तम यादव, एएसपी श्री आकाश श्रीश्रीमाल और जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मंडावी सहित गृह विभाग के आला अधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
