रायपुर: निकायों में बड़े पैमाने पर तबादले की तैयारी, 18 सीएमओ स्तर के अधिकारियों की सूची चर्चा में
रायपुर। प्रदेश के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग में लंबे समय से लंबित तबादला प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंचती नजर आ रही है। विभागीय सूत्रों के अनुसार हाल ही में 18 मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) स्तर के अधिकारियों के तबादले किए गए थे और अब एक नई सूची जारी होने की संभावना जताई जा रही है।
सूत्रों का कहना है कि इस बार कई नगर पालिकाओं, नगर परिषदों और नगर पंचायतों में वर्षों से पदस्थ अधिकारियों तथा कर्मचारियों के कार्यों की समीक्षा के बाद प्रशासनिक फेरबदल किया जा सकता है। विभाग को विभिन्न क्षेत्रों से अधिकारियों की कार्यप्रणाली, विकास कार्यों की गति और जन शिकायतों के संबंध में लगातार फीडबैक प्राप्त हो रहा है।
प्रशासन तिहार की शिकायतों का भी असर
जानकारी के अनुसार राज्य सरकार द्वारा चलाए गए ‘सुशासन तिहार’ अभियान के दौरान बड़ी संख्या में नागरिकों ने पेयजल, सफाई व्यवस्था, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, पीएम आवास, राजस्व प्रकरण, अवैध कब्जों और अन्य प्रशासनिक मामलों से जुड़ी शिकायतें दर्ज कराई थीं। इन शिकायतों की समीक्षा के आधार पर भी कुछ अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई या तबादले की संभावना जताई जा रही है।
विभागीय स्तर पर प्राप्त शिकायतों और जन अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं। हालांकि तबादला सूची को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन विभागीय गलियारों में इसे लेकर चर्चाएं तेज हैं।
(नोट: आधिकारिक आदेश जारी होने के बाद ही तबादलों की अंतिम स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।)
