उपसरपंच पर डंडे से हमला, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
दुर्ग। जिले के पाटन विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सांकरा में उपसरपंच पर पंचायत सदस्य द्वारा डंडे से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पंचायत भवन के भीतर हुई यह घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार 11 जून 2026 को ग्राम पंचायत सांकरा के उपसरपंच रामशरण बंधे पंचायत सचिव ईश्वर निषाद के साथ कार्यालय में ग्राम विकास कार्यों को लेकर चर्चा कर रहे थे। इसी दौरान पंचायत सदस्य तुलाराम सिंगौर वहां पहुंचा और कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए डंडे से हमला कर दिया।
हमले में उपसरपंच रामशरण बंधे को पीठ और हाथ में चोटें आई हैं। घटना के बाद पंचायत भवन में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद पंचायत सचिव ईश्वर निषाद और चपरासी संजय डहरिया ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य द्वार बंद कर दिया, जिससे आरोपी आगे हमला नहीं कर सका। बाद में बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया गया।
उपसरपंच ने आरोप लगाया है कि हाल ही में हुए जनपद सदस्य उपचुनाव में उनकी सक्रिय भूमिका के कारण आरोपी पक्ष उनसे नाराज था। चुनावी हार की रंजिश में ही इस हमले को अंजाम दिया गया।
घटना का सीसीटीवी फुटेज पुलिस के लिए अहम साक्ष्य बन गया है। पुलिस फुटेज की जांच के साथ ही संबंधित लोगों के बयान दर्ज कर रही है। शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
