रायपुर में योग का संदेश गूंजा, ‘नशामुक्त छत्तीसगढ़’ अभियान का शुभारंभ

रायपुर, 25 अप्रैल 2026

रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ योग आयोग के 10वें स्थापना दिवस समारोह में उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक पुरंदर मिश्रा ने सहभागिता करते हुए योग और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान “जय श्रीराम” और “जय श्री जगन्नाथ” के जयघोष से विमतारा भवन का वातावरण भक्तिमय और ऊर्जावान हो गया।

विधायक पुरंदर मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मन, शरीर और आत्मा को संतुलित करने वाली एक समग्र साधना है। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को मानसिक शांति और शारीरिक सुदृढ़ता प्रदान करती है।

इस अवसर पर “योग से नशामुक्त छत्तीसगढ़” अभियान का शुभारंभ किया गया। विधायक मिश्रा ने इसे युवाओं के भविष्य को सकारात्मक दिशा देने वाली महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि यह अभियान समाज में जागरूकता बढ़ाने और नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेगा।

उन्होंने छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष रूप नारायण सिन्हा के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि आयोग द्वारा योग को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य सराहनीय है और यह स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा, निगम-मंडल अध्यक्ष लोकेश कवाड़िया सहित संत-महात्माओं और अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही, जिससे आयोजन और अधिक प्रेरणादायक बन गया।

अंत में विधायक पुरंदर मिश्रा ने सभी नागरिकों से योग को दैनिक जीवन में अपनाने और नशामुक्त, स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।