छत्तीसगढ़ी अभिनेत्री के साथ चलती ट्रेन में लूट की कोशिश, बहादुरी से भिड़ीं नकाबपोश लुटेरे से

रायपुर: छत्तीसगढ़ी फिल्मों की मशहूर अभिनेत्री ज्योत्सना ताम्रकार के साथ ट्रेन में लूटपाट की कोशिश की गई। उन्होंने खुद इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट कर पूरी घटना की जानकारी दी है।

ज्योत्सना ने बताया कि वे रीवा से बिलासपुर की यात्रा कर रही थीं। इसी दौरान कटनी जंक्शन के आउटर पर खड़ी ट्रेन में एक नकाबपोश युवक ने उनके पर्स और मोबाइल छीनने की कोशिश की। लुटेरे ने अचानक हमला किया, लेकिन अभिनेत्री ने साहस दिखाते हुए उसका हाथ पकड़ लिया और उसे पकड़ने का प्रयास किया।

जब लुटेरा खुद को छुड़ाने की कोशिश कर रहा था, तब उसने ज्योत्सना के चेहरे पर मुक्का मारा और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कहा कि यह उनके लिए डरावना अनुभव था, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी।

इस घटना ने एक बार फिर ट्रेन यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। ज्योत्सना की हिम्मत की सोशल मीडिया पर सराहना की जा रही है।