सरगुजा में 3 माह की गर्भवती बहू की हत्या: ससुर ने कुल्हाड़ी से वार कर मार डाला, शव को बाड़ी में दफना दिया।

छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के लुण्ड्रा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। ग्राम किरकिमा, चलगली में ससुर ने अपनी 3 महीने की गर्भवती बहू की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी और फिर शव को घर से 50 मीटर दूर बाड़ी में दफना दिया।

मृतका का नाम सरस्वती कोरवा (23 वर्ष) है। घटना के वक्त उसका पति ईश्वर कोरवा मछली पकड़ने गया हुआ था। शाम करीब 5:30 बजे जब वह घर लौटा, तो कमरे में खून फैला मिला। पूछने पर आरोपी ससुर परमेश्वर कोरवा ने खुद कबूल किया कि बहू ने समय पर खाना नहीं दिया, इसलिए उसने हत्या कर दी और शव को बाड़ी में गाड़ दिया।

हालांकि, पति और ग्रामीणों का आरोप है कि ससुर की नीयत बहू पर ठीक नहीं थी और वह उससे छेड़छाड़ करता था। जब सरस्वती ने इसका विरोध किया, तो गुस्से में आकर उसकी हत्या कर दी गई।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने लुण्ड्रा पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी आरएन पटेल के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी ससुर को हिरासत में ले लिया गया। शव को निकालने के लिए लुण्ड्रा तहसीलदार को सूचना दी गई।

मंगलवार दोपहर तहसीलदार निखिल विश्वकर्मा की उपस्थिति में पुलिस ने बाड़ी में खुदाई कर शव को बाहर निकाला। मौके पर फॉरेंसिक टीम भी मौजूद रही। शव के गले और सिर पर कुल्हाड़ी से हमले के निशान मिले हैं।

एसडीओपी अमोलक सिंह ने बताया कि यह हत्या सोमवार शाम करीब चार बजे की गई थी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।