छत्तीसगढ़ में 15 अक्टूबर से बदलेगा मौसम,दक्षिणी हिस्से में आंधी-बिजली का अलर्ट

छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई के बाद मौसम शुष्क बना हुआ है। हालांकि, 15 अक्टूबर से प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में मौसम बदलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रहने और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है।
प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश भी हो सकती है। अगले दो दिनों तक मौसम में इसी तरह का बदलाव देखने को मिल सकता है। इसके पीछे उत्तर प्रदेश के ऊपर सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण और ट्रफ लाइन को वजह माना जा रहा है। इसके प्रभाव से प्रदेश के कुछ हिस्सों में बादल छाने, हल्की बारिश होने और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम प्रणाली का प्रभाव कम होने और उत्तर-पश्चिमी हवाओं की सक्रियता बढ़ने के बाद तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है। इससे आने वाले दिनों में प्रदेश में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ सकता है।
प्रदेश में रायपुर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
रायपुर में धूप और उमस करेगी परेशान
राजधानी रायपुर में फिलहाल मौसम साफ रहने का अनुमान है। बारिश नहीं होने और हवा में नमी बने रहने से लोगों को तेज धूप के साथ उमस का सामना करना पड़ सकता है। खासकर दोपहर के समय गर्मी का असर अधिक महसूस होगा।
पिछले 24 घंटों के दौरान रायपुर में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आज भी अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

