रायपुर के कैंसर अस्पताल में आयातित दवाओं की जांच

रायपुर। कांपा स्थित मित्तल कैंसर हॉस्पिटल में आयातित कैंसररोधी दवाओं की कीमतों और उनके आयात से संबंधित दस्तावेजों की जांच की गई। स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश पर स्वास्थ्य सचिव तथा नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के मार्गदर्शन में यह निरीक्षण किया गया।

जांच के दौरान दवाओं के आयात, खरीद-बिक्री और अन्य आवश्यक दस्तावेजों का परीक्षण किया गया। विभाग के मुताबिक, मामले से जुड़े रिकॉर्ड की जांच जारी है। यदि किसी प्रकार की अनियमितता या नियमों का उल्लंघन सामने आता है, तो औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 तथा संबंधित नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

26 मेडिकल स्टोर की जांच, एक को नोटिस

विभागीय अभियान के तहत कुल 26 मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया गया। इस दौरान एक मेडिकल स्टोर में अनियमितता पाए जाने पर संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। संचालक का जवाब मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दवाओं की गुणवत्ता और कीमतों की होगी निगरानी

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग का उद्देश्य दवाओं की गुणवत्ता, वैधता और निर्धारित नियमों के अनुरूप कीमतों की व्यवस्था सुनिश्चित करना है। जनस्वास्थ्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आने वाले दिनों में अन्य चिकित्सा संस्थानों और प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया जाएगा।

इस कार्रवाई में औषधि निरीक्षक ईश्वरी नारायण सिंह, नीरज साहू, डॉ. सुरेश कुमार साहू और डॉ. टेकचंद धीरहे शामिल रहे।