CGPSC SI भर्ती परीक्षा फिर स्थगित, 7,301 अभ्यर्थियों को इंतजार

छत्तीसगढ़ में सूबेदार, उप निरीक्षक (SI) संवर्ग और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2024 की मुख्य परीक्षा एक बार फिर टाल दी गई है। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने मंगलवार को परीक्षा स्थगित करने की सूचना जारी की। परीक्षा में 7,301 अभ्यर्थियों को शामिल होना था। आयोग ने अपरिहार्य कारणों का हवाला दिया है, लेकिन नई तारीखों की घोषणा नहीं की है।
पहले मुख्य परीक्षा 24, 25 और 26 अक्टूबर को संभावित थी। बाद में तारीखों में बदलाव कर इसे 2, 3 और 4 नवंबर को आयोजित करने का निर्णय लिया गया था। अब इन तारीखों पर भी परीक्षा नहीं होगी। लगातार बदलाव से अभ्यर्थियों को परीक्षा कार्यक्रम का इंतजार करना पड़ रहा है।
341 पदों के लिए 7,301 अभ्यर्थी चयनित
CGPSC ने सूबेदार, उप निरीक्षक और प्लाटून कमांडर के 341 पदों पर भर्ती के लिए प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की थी। यह परीक्षा 12 जुलाई 2026 को प्रदेश के सभी 33 जिलों में 183 केंद्रों पर हुई थी। आयोग ने 4 अगस्त को प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी किया, जिसमें 7,301 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया।
भर्ती परीक्षाओं पर पहले भी उठे सवाल
छत्तीसगढ़ में भर्ती परीक्षाओं को लेकर हाल के दिनों में विवाद भी सामने आए हैं। इससे पहले 10 अक्टूबर को शिक्षक भर्ती परीक्षा और CGPSC-2025 की परीक्षा पर रोक लगने की खबर सामने आई थी। शिक्षक भर्ती परीक्षा के मामले में हाईकोर्ट में याचिका दायर होने के बाद रोक लगाने का आदेश जारी किया गया था। इसके विरोध में बिलासपुर में अभ्यर्थियों ने कैंडल मार्च निकालकर प्रदर्शन किया था।
प्रारंभिक परीक्षा के रिजल्ट पर भी हुआ था विवाद
प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी होने के बाद चयन सूची में दर्ज कुछ नामों को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। सोशल मीडिया पर सूची वायरल होने के बाद ‘NEWS’, ‘SPACE RANI’, ‘HE RAM’ और ‘BHAKT PRAHLAD’ जैसे नाम चर्चा में आए थे।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ‘NEWS’ और ‘SPACE RANI’ नामों के चयन को लेकर सरकार पर निशाना साधा था। वहीं, कांग्रेस ने भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की थी।
विवाद बढ़ने पर CGPSC ने सफाई दी थी कि चयन सूची में दर्ज नाम अभ्यर्थियों द्वारा ऑनलाइन आवेदन में भरी गई जानकारी के आधार पर शामिल किए गए हैं। इसके बाद ‘NEWS’ नाम से चयनित न्यूज कुमार प्रधान सहित कुछ अभ्यर्थियों ने वीडियो जारी कर अपने नाम को सही बताया और दस्तावेजों का हवाला दिया था।
फिलहाल मुख्य परीक्षा की नई तारीखों को लेकर आयोग की ओर से कोई घोषणा नहीं की गई है। अब अभ्यर्थियों को संशोधित परीक्षा कार्यक्रम जारी होने का इंतजार है।

