रायपुर एयरपोर्ट पर रनवे मरम्मत से उड़ानें प्रभावित, 2 विमान नागपुर डायवर्ट

रायपुर। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर मंगलवार शाम रनवे की मरम्मत के चलते विमान परिचालन प्रभावित हुआ। इस दौरान दिल्ली और इंदौर से रायपुर आ रही इंडिगो की दो उड़ानों को नागपुर डायवर्ट करना पड़ा। दोनों विमानों में करीब 140-140 यात्री सवार थे। अचानक विमान का मार्ग बदलने से यात्रियों को रायपुर पहुंचने के लिए अतिरिक्त इंतजार करना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली से रायपुर आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 734 एयरपोर्ट के ऊपर काफी देर तक चक्कर लगाती रही। रनवे पर मरम्मत कार्य के कारण विमान को लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल सकी, जिसके बाद उसे नागपुर भेज दिया गया। इंदौर से आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 813 को भी नागपुर डायवर्ट किया गया।
रनवे पर पैचवर्क के कारण प्रभावित हुई लैंडिंग
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) के अनुसार, एयरपोर्ट के रनवे पर पैचवर्क का काम चल रहा था। सुरक्षित विमान परिचालन सुनिश्चित करने के लिए कुछ समय तक लैंडिंग प्रभावित रही। इसी वजह से दोनों उड़ानों को वैकल्पिक एयरपोर्ट पर उतारने का निर्णय लिया गया।
बताया गया कि दिल्ली से आ रहे विमान में कुछ कांग्रेस नेता भी सवार थे, हालांकि उनके नाम सामने नहीं आए हैं। शाम करीब 7 बजे कोलकाता से आई फ्लाइट की रायपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग हुई। इसके बाद धीरे-धीरे विमान परिचालन सामान्य होने लगा।
रात 8:50 बजे पहुंची इंदौर की फ्लाइट
नागपुर भेजी गई इंदौर-रायपुर फ्लाइट 6E 813 रात 8 बजकर 50 मिनट पर रायपुर पहुंची। वहीं, दिल्ली से आने वाली फ्लाइट 6E 734 के रात करीब 9:10 बजे पहुंचने की संभावना जताई गई थी। हालांकि, खबर लिखे जाने तक उसकी लैंडिंग की पुष्टि नहीं हुई थी।
इस घटना में किसी यात्री के घायल होने या विमान को नुकसान पहुंचने की सूचना नहीं मिली। हालांकि, उड़ानों के डायवर्ट होने से यात्रियों को देरी और असुविधा का सामना करना पड़ा। मामले में रायपुर एयरपोर्ट प्रबंधन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।

