सरगुजा में मौसम का मिजाज बदला, ओले, बारिश और बिजली गिरने से सब्जी की फसल को भारी नुकसान

छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में मौसम ने अचानक अपना मिजाज बदल लिया है। बलरामपुर जिले में आज (शुक्रवार) सुबह जमकर ओले गिरे, जिससे लहसुनपाट और सामरीपाट क्षेत्र कश्मीर जैसी दृश्यावली में तब्दील हो गए। ओलावृष्टि ने आम, महुआ और सब्जी की फसलों को नुकसान पहुंचाया है। इसके अलावा, पेंड्रा में भी भारी बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई है।

गुरुवार शाम को बलरामपुर में बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार और शनिवार को सरगुजा और बिलासपुर संभाग के कई स्थानों पर बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, सरगुजा और बस्तर संभाग के जिलों में हल्की बारिश की संभावना है।

प्रदेश में गुजर रही टर्फ लाइन (द्रोणिका) और वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण समुद्र से नमी आ रही है, जिससे रायपुर में गर्मी में थोड़ी कमी आई है।

बलरामपुर में बिजली गिरने से बुजुर्ग की मौत
बलरामपुर के गणेशमोड़ में गुरुवार शाम को बिजली गिरने से बुजुर्ग इरफान खान (60) की मौत हो गई, जबकि उनका साथी हसनात खान (45) घायल हो गया। दोनों बलरामपुर लौट रहे थे और खराब मौसम के कारण झोपड़ी में बारिश से बचने के लिए रुके थे। इसी दौरान बिजली गिरने से दोनों चपेट में आ गए।

मौसम में बदलाव और तापमान में गिरावट
मौसम में बदलाव के साथ ही न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट आई है, जिससे सरगुजा क्षेत्र में गर्मी से राहत मिली है। मार्च के महीने में अंबिकापुर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री तक पहुंच गया था, लेकिन पिछले दो दिनों से अधिकतम तापमान 35 डिग्री से नीचे बना हुआ है।

रायपुर में बादल, हल्की बौछारें
आज रायपुर में हल्के बादल छाए रह सकते हैं, और कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान तापमान 36 डिग्री के आसपास रह सकता है।

बिलासपुर का तापमान सामान्य से ज्यादा
गुरुवार को बिलासपुर में अधिकतम तापमान 37.4°C दर्ज किया गया, जो सामान्य रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री था, जो औसत से 4 डिग्री अधिक था। गौरेला पेंड्रा मरवाही में अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री रहा।

You may have missed