उरला एएचपी कॉलोनी में पुलिस सहायता केंद्र का शुभारंभ

रायपुर (बीरगांव)।

नागरिक सुविधाओं के उन्नयन की दिशा में एक और कदम आगे बढ़ाते हुए बीरगांव नगर निगम के सहयोग से रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा उरला एएचपी कॉलोनी में पुलिस सहायता केंद्र का शुभारंभ किया गया । इस क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए स्थानीय नागरिकों द्वारा पुलिस सहायता केंद्र स्थापित किए जाने की मांग बीरगांव नगर निगम के माध्यम से पुलिस कमिश्नर श्री संजीव शुक्ल से की गई थी ।

उरला स्थित एएचपी कॉलोनी के समीप पुलिस सहायता केंद्र के लोकार्पण कार्यक्रम में बीरगांव नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष श्री ओमप्रकाश साहू,विधायक प्रतिनिधि श्री मैकमिलन साहू के साथ ही निगम आयुक्त श्री युगल किशोरउर्वशा, उपायुक्त(उत्तर ) रायपुर पुलिस श्री मयंक गुर्जर, , एडीसीपी सुश्री लांबा,उरला नगर निरीक्षक श्री रोहित मालेकर , सहित स्थानीय पार्षदगण और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे ।


कार्यक्रम में निगम आयुक्त श्री उर्वशा ने अवगत कराया कि उरला एएचपी कॉलोनी उरला में लगभग 450 परिवार निवासरत हैं ।इस कॉलोनी को सुविधा संपन्न बनाए रखने 24 घंटे पेयजल, सफाई , सड़क रोशनी और अन्य नागरिक सुविधाएँ सुलभ करने नगर निगम द्वारा विशेष ध्यान दिया जा रहा है । इस कॉलोनी में प्रशासन द्वारा आंगनबाड़ी संचालित की जा रही है , साथ ही नागरिकों की मांग पर सामुदायिक केंद्र का निर्माण किया जा रहा है ।इस अवसर पर अपने संबोधन में डीसीपी श्री गुर्जर ने विश्वास जताया कि आपात स्थिति में यहां निवासरत परिवारों को त्वरित पुलिस सहायता मिलेगी और असामाजिक तत्वों की गतिविधि पर प्रभावी अंकुश लगेगा । उपस्थित गणमान्य नागरिकों ने इस अवसर पर जिला एवं पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया ।