UK Politics: ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने दिया इस्तीफा, 10 साल में पद छोड़ने वाले बने सातवें PM
लंदन: ब्रिटेन (UK) के राजनीतिक गलियारों से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर (Keir Starmer) ने अपने पद से इस्तीफे का ऐलान कर दिया है। पिछले दिनों स्थानीय चुनावों में पार्टी को मिली करारी हार और अपनी ही लेबर पार्टी (Labour Party) के सांसदों व मंत्रियों के भारी विरोध के बाद उन्होंने यह बड़ा फैसला लिया है। स्टार्मर के इस्तीफे के साथ ही ब्रिटेन में एक बार फिर गंभीर राजनीतिक अस्थिरता पैदा हो गई है।
10 वर्षों में पद छोड़ने वाले सातवें प्रधानमंत्री ब्रिटेन के राजनीतिक इतिहास में यह उथल-पुथल का एक नया रिकॉर्ड है। कीर स्टार्मर पिछले 10 वर्षों के भीतर पद छोड़ने वाले ब्रिटेन के सातवें प्रधानमंत्री बन गए हैं। साल 2024 में हुए आम चुनावों में ऐतिहासिक जीत हासिल कर सत्ता में आए स्टार्मर को महज दो साल के भीतर ही अपनी ही पार्टी के भीतर मचे आंतरिक विद्रोह (Mutiny) के कारण कुर्सी गंवानी पड़ी है।
डाउनिंग स्ट्रीट से भावुक विदाई भाषण 10 डाउनिंग स्ट्रीट के बाहर देश को संबोधित करते हुए कीर स्टार्मर बेहद भावुक नजर आए। उन्होंने कहा, “पार्टी मुझसे पूछ रही है कि क्या मैं अगले आम चुनाव में नेतृत्व करने के लिए सही व्यक्ति हूँ? मैंने अपनी संसदीय पार्टी के जवाब को बेहद शालीनता के साथ स्वीकार कर लिया है। मैंने हमेशा अपने देश को सबसे ऊपर रखा है।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह नए नेता के चुने जाने तक ‘केयरटेकर’ प्रधानमंत्री के रूप में अपनी सेवाएं देते रहेंगे।
कौन होगा ब्रिटेन का अगला प्रधानमंत्री? कीर स्टार्मर के इस्तीफे के बाद लेबर पार्टी में नए नेतृत्व की तलाश तेज हो गई है। लेबर पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मेयर एंडी बर्नहैम (Andy Burnham) को इस रेस में सबसे आगे माना जा रहा है। पार्टी के कई बड़े मंत्रियों ने बर्नहैम को अपना समर्थन भी दे दिया है। नई लीडरशिप की यह प्रक्रिया जुलाई से शुरू होकर सितंबर में संसद सत्र शुरू होने से पहले पूरी होने की संभावना है।
