प्रदेश में आज हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना , मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

रायपुर , 22 सितंबर 2022 : प्रदेश के कई स्थानों में बीते दिनों भारी बारिश हुई है. बुधवार सुबह से ही रायपुर सहित प्रदेश भर में मौसम सामान्य रहा और सुबह से ही आंशिक रूप से बादल छाए रहे। कुछ क्षेत्रों में हल्की वर्षा भी हुई। हल्की वर्षा के चलते मौसम में भी इन दिनों ठंडकता आ गई है।
अधिकतम व न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आई है।मानसून द्रोणिका के प्रभाव से पिछले दिनों हुई लगातार वर्षा के बाद प्रदेश में वर्षा का कोटा और ज्यादा हो गया है। एक जून से लेकर 21 सितंबर तक प्रदेश में 1222 मिमी वर्षा हुई है। यह वर्षा सामान्य की तुलना में 11 प्रतिशत ज्यादा है। पिछले वर्ष इस अवधि में प्रदेश में 1050 मिमी वर्षा हुई थी।
बीजापुर में सर्वाधिक 2425.2 मिमी वर्षा हुई है और सरगुजा में सबसे कम 604.2 मिमी वर्षा हुई है। प्रदेश भर में एक क्षेत्र में अति भारी वर्षा, 10 जिलों में ज्यादा वर्षा, 12 जिलों में सामान्य और चार जिले में कम वर्षा हुई है। रायपुर जिले में अभी तक 850.2 मिमी वर्षा हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि गुरुवार को भी प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।