रायपुर के हनुमान मंदिर में चोरी का खुलासा: पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, चांदी के आभूषण जब्त

रायपुर के स्वामी आत्मानंद सरोवर के पास स्थित हनुमान मंदिर में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी गौकरण निषाद के पास से पुलिस ने चांदी के दो मुकुट और मंदिर के श्रृंगार के आभूषण जब्त किए हैं।

आजाद चौक थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया था। मुखबिर से मिली सूचना के बाद पुलिस ने के निवासी गौकरण निषाद के खिलाफ कार्रवाई शुरू की। आरोपी ने चोरी की घटना को स्वीकार किया और बताया कि उसने ही मंदिर से आभूषण चुराए थे।

पुलिस ने तुरंत बेमेतरा में आरोपी के ठिकाने पर छापेमारी की और उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की। शुरू में आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन कड़ी पूछताछ के बाद उसने अपने अपराध को स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के पास से 2 चांदी के मुकुट, 1 त्रिशूल, 1 नग पट्टी, 2 बछिया, 1 जोड़ी पायल और अन्य चांदी के श्रृंगार के सामान जब्त किए गए हैं। आरोपी गौकरण निषाद को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेज दिया गया है। इस मामले के खुलासे से पुलिस ने साबित कर दिया कि किसी भी अपराधी को सख्त सजा दिलाने के लिए वह लगातार प्रयासरत है।