छत्तीसगढ़ सरकार महिलाओं को 25 हजार रुपये प्रदान करेगी: महतारी वंदन योजना के तहत एक नई पहल शुरू, जानें इससे किस तरह मिलेगा लाभ।

छत्तीसगढ़ सरकार महिलाओं के लिए एक नई योजना शुरू करने जा रही है, जो महतारी वंदन योजना से संबंधित है। जहां महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये मिलते हैं, वहीं इस नई योजना में महिलाओं को 25,000 रुपये का एकमुश्त लोन मिलेगा।

इस योजना का नाम ‘महतारी शक्ति ऋण योजना’ है, जिसे राज्य के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने औपचारिक रूप से लॉन्च किया है। इस मौके पर राज्य ग्रामीण बैंक के चेयरमैन विनोद अरोरा भी मौजूद थे। यह योजना उन महिलाओं को लाभान्वित करेगी, जिनका खाता राज्य ग्रामीण बैंक में है। वित्त मंत्री चौधरी ने बताया कि यह पहल महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।

राज्य ग्रामीण बैंक के चेयरमैन अरोरा ने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत, जिन महिलाओं के खाते में योजना की राशि जमा होती है, उन्हें स्वरोजगार के लिए 25,000 रुपये तक का ऋण बिना किसी जटिल प्रक्रिया के प्रदान किया जाएगा। यह योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से बनाई गई है, और यह उन्हें आर्थिक सशक्तिकरण के साथ-साथ स्वरोजगार के अवसर भी प्रदान करेगी।

राज्य ग्रामीण बैंक इस योजना को निगरानी करेगा, और सरकार का उद्देश्य ग्रामीण इलाकों की महिलाओं को अपनी आजीविका के लिए अधिक अवसर देना है।