शिकायत मिलते ही निगम ने हटाई गंदगी, नेकी की दीवार स्थल पर चला सफाई अभियान
कोटा मार्ग स्थित साइट पर पुराने कपड़ों और जमा कचरे की हुई सफाई, स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर त्वरित कार्रवाई
रायपुर। शहर में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर नगर निगम ने जनशिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की प्रक्रिया तेज कर दी है। इसी क्रम में जोन-8 स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रामकृष्ण परमहंस वार्ड-20 में भारत माता चौक के पास कोटा मार्ग स्थित ‘नेकी की दीवार’ स्थल की सफाई कराई।
स्थल पर गंदगी और पुराने अनुपयोगी कपड़ों का कचरा जमा होने की शिकायत निगम को मिली थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन-8 की टीम मौके पर पहुंची। जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग के अमले ने सफाई अभियान चलाकर मौके पर जमा कचरा और अनुपयोगी कपड़े हटवाए।
शिकायत का मौके पर ही किया निराकरण
स्वच्छता निरीक्षक रितेश झा की मौजूदगी में निगम कर्मचारियों ने स्थल की सफाई कर आसपास के क्षेत्र को व्यवस्थित किया। कचरा हटाने के बाद सार्वजनिक स्थल पर स्वच्छता कायम की गई, जिससे स्थानीय लोगों को गंदगी से राहत मिली।
नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग ने जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए शिकायत का जोन स्तर पर त्वरित निराकरण किया। निगम का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी की शिकायत मिलने पर संबंधित जोन की टीमों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए जा रहे हैं।
