बकायेदारों पर निगम की सख्ती, लाखों की वसूली के साथ सीलबंदी और नल कनेक्शन काटे

राजस्व वसूली अभियान में जोन-वार कार्रवाई तेज; 30 सितंबर तक संपत्तिकर जमा करने पर 5% छूट का लाभ लेने की अपील

रायपुर। नगर निगम ने बकाया राजस्व की वसूली को लेकर अभियान तेज कर दिया है। सभी 10 जोनों में राजस्व विभाग की टीमें नियमित रूप से बकायेदारों और संस्थानों पर कार्रवाई कर रही हैं। बकाया राशि जमा नहीं करने वालों के परिसरों में सीलबंदी, नल कनेक्शन काटने और संपत्तियों के पुनर्मूल्यांकन जैसी कार्रवाई की जा रही है। वहीं कार्रवाई के दौरान कई बकायेदारों ने मौके पर ही लाखों रुपए की राशि जमा कर दी।

आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू, उपायुक्त राजस्व डॉ. अंजली शर्मा और जोन कमिश्नरों की निगरानी में अभियान चलाया जा रहा है।

जोन-8 में लाखों की वसूली, कई परिसरों पर कार्रवाई

जोन-8 में राजस्व विभाग की टीम ने माघव राव सप्रे वार्ड-69, रामकृष्ण परमहंस वार्ड-20 और संत रविदास वार्ड-70 में बकाया वसूली अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान 54,114 रुपए के बकायेदार नरेश गुप्ता बसंत लाल के परिसर में सीलबंदी की प्रक्रिया शुरू की गई। इसके बाद संबंधित पक्ष ने पूरी बकाया राशि चेक से जमा कर दी। उन्हें वॉल पेंटिंग और होर्डिंग से संबंधित नोटिस भी दिया गया।

इसी तरह चंद्रशेखर वर्मा जीवन लाल वर्मा के खिलाफ सीलबंदी की कार्रवाई शुरू होने पर उन्होंने 2,95,215 रुपए का पूरा बकाया तत्काल चेक के माध्यम से जमा कर दिया। कृष्णकांत तिवारी रामावतार तिवारी द्वारा 72,261 रुपए का बकाया जमा नहीं करने पर परिसर में ताला लगाकर सीलबंदी की गई।

जोन-8 की टीम ने सुमीत टिलवानी को महादेवघाट मार्ग स्थित संपत्ति का नया कर नियमानुसार निर्धारित कराने के लिए नोटिस जारी किया। दुर्गा प्रसाद अग्रवाल विश्व अग्रवाला, निशा शर्मा प्रवीण शर्मा और माधुरी सिंग लक्ष्मण सिंग के मामलों में पुनर्मूल्यांकन की कार्रवाई करते हुए नोटिस दिए गए।

यूजर चार्ज में भी बढ़ोतरी

पुनर्मूल्यांकन के दौरान वार्ड-20 स्थित शुभम के मार्ट, किशोर कुमार मजिठिया और डी. ठक्कर एचयूएफ के प्रकरण में नियमानुसार यूजर चार्ज में 2,04,000 रुपए की वृद्धि की गई। वहीं वार्ड-70 में शुभम के मार्ट, अरिहंत उद्योग, प्रशांत अग्रवाल और बीएल अग्रवाल से संबंधित फर्मों के पुनर्मूल्यांकन के बाद यूजर चार्ज में 4,03,872 रुपए की वृद्धि की कार्रवाई की गई।

जोन-2 में सीलबंदी, आंशिक भुगतान भी कराया

जोन-2 के मौदहापारा क्षेत्र में एसके प्लाजा पर 95,970 रुपए का बकाया जमा नहीं करने पर सीलबंदी की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान संबंधित बकायेदार ने 50,349 रुपए का आंशिक भुगतान तत्काल निगम के राजस्व अमले को कर दिया।

बड़े बकायेदारों के नल कनेक्शन काटे

जोन-1 के वार्ड-5 में अंतिम नोटिस के बावजूद 8,35,332 रुपए का बकाया जमा नहीं करने पर संबंधित परिसर का नल कनेक्शन विच्छेद कर दिया गया। वहीं जोन-5 क्षेत्र में 1,58,915 रुपए का बकाया नहीं चुकाने वाले एक अन्य बकायेदार का भी नल कनेक्शन काटा गया।

नगर निगम की टीमें विभिन्न वार्डों में संपत्तियों का पुनर्मूल्यांकन कर नियमानुसार यूजर चार्ज में संशोधन की कार्रवाई भी कर रही हैं। निगम ने स्पष्ट किया है कि बकाया राजस्व की वसूली का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

30 सितंबर तक टैक्स जमा करने पर 5% छूट

नगर निगम ने वित्तीय वर्ष 2026-27 का संपत्तिकर समय पर जमा करने वाले करदाताओं को नियमानुसार 5 प्रतिशत छूट का लाभ लेने की अपील की है। निगम ने कहा है कि करदाता 30 सितंबर 2026 तक अपना पूरा संपत्तिकर जमा कर निर्धारित छूट का लाभ उठा सकते हैं।