रायपुर में स्वामी रामभद्राचार्य का बड़ा बयान, बोले- 370 सीटें मिलें तो एक मिनट में हिन्दू राष्ट्र बना देंगे

रायपुर।

शिवरीनारायण में आयोजित 9 दिवसीय रामकथा के समापन के बाद जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य मंगलवार देर शाम राजधानी रायपुर पहुंचे। धरमपुर नकटी स्थित राघवायनम फार्म हाउस में उनका भव्य स्वागत किया गया, जहां देर रात तक श्रद्धालुओं का दर्शन और आशीर्वाद लेने का सिलसिला जारी रहा। इस दौरान मंत्री राजेश अग्रवाल भी पहुंचे और स्वामी जी से आशीर्वाद प्राप्त किया।

अपने संबोधन में स्वामी रामभद्राचार्य ने छत्तीसगढ़ से अपने पुराने संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि वे वर्ष 1978 से यहां आते रहे हैं। उन्होंने बताया कि राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर भी वे छत्तीसगढ़ में मौजूद थे और दूधाधारी मठ में रामकथा कर रहे थे। उन्होंने प्रदेशवासियों को रामभक्ति और धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।

छत्तीसगढ़ को भगवान श्रीराम का ननिहाल बताए जाने पर स्वामी जी ने कहा कि यह केवल कहा नहीं जाता, बल्कि यह सत्य है। उन्होंने बताया कि रायपुर से करीब 15 किलोमीटर दूर स्थित कोसला गांव माता कौशल्या की जन्मस्थली है और इसी कारण छत्तीसगढ़ भगवान श्रीराम का ननिहाल है।

राजनीतिक मुद्दों पर बोलते हुए स्वामी रामभद्राचार्य ने पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत को सकारात्मक संकेत बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गंगोत्री से गंगासागर तक विस्तार का सपना अब पूरा होता दिखाई दे रहा है।

हिन्दू राष्ट्र के सवाल पर उन्होंने बड़ा बयान देते हुए कहा कि यदि संसद में 370 सीटें मिल जाएं, तो “एक मिनट में हिन्दू राष्ट्र बनाया जा सकता है।” उन्होंने कहा कि हिन्दू राष्ट्र बनना चाहिए और भविष्य में इसके संकेत भी दिखाई दे रहे हैं।

धर्मांतरण के मुद्दे पर उन्होंने बताया कि इस संबंध में उनकी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से चर्चा हुई है और राज्य सरकार इस पर कठोर कानून लाने की दिशा में काम कर रही है।

अखंड भारत के विषय पर स्वामी जी ने कहा कि वे पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर को भारत का हिस्सा बनते देखना चाहते हैं। उन्होंने दावा किया कि इसके लिए वे नियमित रूप से यज्ञ कर रहे हैं और भविष्य में बलूचिस्तान तथा सिंध भी भारत का हिस्सा बन सकते हैं।

इस दौरान उन्होंने कहा कि शिवरीनारायण से रायपुर आते समय तेज बारिश के कारण उनका काफिला रास्ते में फंस गया, जिससे उन्हें पहुंचने में काफी देर हुई। वहीं स्वागत के लिए की गई सजावट भी बारिश के चलते खराब हो गई, जिसे दोबारा व्यवस्थित करने में घंटों लग गए।

गौरतलब है कि मां शबरी की नगरी शिवरीनारायण स्थित राम मिलेंगे आश्रम में 27 अप्रैल से 5 मई तक 9 दिवसीय रामकथा का आयोजन किया गया था। इस धार्मिक आयोजन में देशभर से श्रद्धालु पहुंचे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, केंद्रीय मंत्री तोखन साहू, वरिष्ठ नेता बृजमोहन अग्रवाल, अभिनेता अनुज शर्मा समेत कई मंत्री और जनप्रतिनिधि शामिल हुए।