रायपुर: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में डिजिटल प्रशासन की मजबूत पहल, 38 विभागों की 939 सेवाएं एक मंच पर

रायपुर, 19 अक्टूबर 2026: छत्तीसगढ़ में सुशासन को सरल, पारदर्शी और जनसुलभ बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा ‘सेवा सेतु’ का संचालन किया जा रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को शासकीय सेवाओं के लिए कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने से मुक्ति दिलाना और सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना है। डिजिटल तकनीक के माध्यम से शासन और जनता के बीच की दूरी कम करने वाली यह व्यवस्था नागरिक-केंद्रित प्रशासन की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।

38 विभागों की 939 सेवाएं एक मंच पर: सहायक जनसंपर्क अधिकारी डॉ. ओम डहरिया द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, ‘सेवा सेतु’ के माध्यम से प्रदेश में 38 विभागों की कुल 939 सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इनके सुचारू संचालन के लिए राज्यभर में 16,773 सेवा केंद्रों का मजबूत नेटवर्क तैयार किया गया है। इस डिजिटल व्यवस्था से 21,582 अधिकारी-कर्मचारी ऑनबोर्ड होकर अपनी सेवाएं दे रहे हैं, और अब तक 55 लाख 13 हजार 672 से अधिक आवेदनों पर कार्यवाही की जा चुकी है।

ग्रामीण क्षेत्रों के लिए वरदान: इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र, विवाह पंजीयन और गुमास्ता लाइसेंस जैसी जरूरी सेवाओं के लिए आसानी से ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ वनांचलों के नागरिकों के लिए यह व्यवस्था बेहद उपयोगी साबित हो रही है, जिन्हें पहले छोटे-छोटे कामों के लिए लंबी दूरियां तय करनी पड़ती थीं। इससे प्रशासनिक प्रक्रियाओं में पारदर्शिता के साथ-साथ समय की भी भारी बचत हो रही है।