महाराष्ट्र के नांदेड़ में सुखबीर सिंह बादल पर हमला: गुरुद्वारे के पास निहंग ने कृपाण से किया वार, हाथ में आई मामूली चोट
नांदेड़ / रायपुर
शिरोमणी अकाली दल (SAD) के अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व उप-मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर महाराष्ट्र के नांदेड़ स्थित गुरुद्वारे में एक हमलावर ने हमला कर दिया। हमलावर निहंग बाने (पारंपरिक वेशभूषा) में आया था, जिसने कृपाण से हमला करने की कोशिश की। सुरक्षाकर्मियों और पुलिस अधिकारियों ने सतर्कता दिखाते हुए तुरंत हमलावर को दबोच लिया, लेकिन इस दौरान सुखबीर सिंह बादल के दाहिने हाथ में मामूली चोट आई है।
यह घटना नांदेड़ स्थित ‘गुरुद्वारा माता साहेब देवान जी मुगट’ परिसर में दोपहर के समय हुई, जब सुखबीर सिंह बादल अपनी पत्नी और सांसद हरसिमरत कौर बादल के साथ मत्था टेकने पहुंचे थे।
सुरक्षाकर्मियों की तत्परता से टला बड़ा हादसा
घटना के प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, निहंग की वेशभूषा में पहुंचे 62 वर्षीय आरोपी जसपाल सिंह तेजपाल ने अचानक कृपाण निकाल कर सुखबीर सिंह बादल पर वार किया। मौके पर तैनात सुरक्षा बलों ने तुरंत बीच-बचाव करते हुए हमलावर को काबू में किया। इस हाथापाई और बीच-बचाव में एक पुलिस इंस्पेक्टर भी घायल हुए हैं।
हमले के तुरंत बाद सुखबीर सिंह बादल को पास के यशोसाई अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि उनकी चोटें मामूली हैं और उनकी हालत पूरी तरह से खतरे से बाहर व स्थिर है।
आरोपी गिरफ्तार, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दिए जांच के आदेश
महाराष्ट्र पुलिस ने आरोपी जसपाल सिंह को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना पर संज्ञान लेते हुए नांदेड़ एसपी से पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट तलब की है और जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सुखबीर सिंह बादल से फोन पर बातचीत कर उनके स्वास्थ्य का हालचाल भी जाना।
