रायपुर में सेवा संकल्प यात्रा एवं युवा संवाद, मुख्यमंत्री साय ने कहा—युवाओं की ऊर्जा से सशक्त होगा विकसित भारत

रायपुर। राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित ‘सेवा संकल्प यात्रा एवं युवा संवाद’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। उन्होंने गुजरात के वडनगर से यात्रा कर रायपुर पहुंचे बाइक राइडर्स के साथ-साथ बस्तर संभाग के विभिन्न जिलों से आए बाइक राइडर्स का छत्तीसगढ़ की धरती पर आत्मीय स्वागत किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता और विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री देश के 140 करोड़ नागरिकों को अपना परिवार मानते हुए सेवा की भावना से राष्ट्र निर्माण में निरंतर योगदान दे रहे हैं। उनके नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए देश आगे बढ़ रहा है।

सेवा, सामाजिक सरोकार और राष्ट्र निर्माण से युवाओं को जोड़ रही यात्रा

मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प यात्रा देश की युवा शक्ति को सेवा कार्यों, सामाजिक जिम्मेदारियों और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बन रही है। गुजरात के वडनगर से शुरू हुई यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मभूमि से कर्मभूमि वाराणसी तक सेवा और सामाजिक जागरूकता का संदेश लेकर आगे बढ़ रही है।

यात्रा में शामिल युवा स्वच्छता, नशामुक्ति, टीबी मुक्त भारत और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों को लेकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह की पहल युवाओं में समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने के साथ उन्हें सकारात्मक सामाजिक कार्यों से जोड़ती है।

छत्तीसगढ़ में डेढ़ करोड़ से अधिक दीपों से जगमगाया सेवा संकल्प

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ में सेवा संकल्प अभियान के तहत डेढ़ करोड़ से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए गए। प्रदेशवासियों ने जिस उत्साह के साथ इस अभियान में भागीदारी की, वह जनसहभागिता का उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि इस आयोजन में लोगों की भागीदारी ने सेवा और सामाजिक सहभागिता की भावना को व्यापक रूप से सामने रखा।

छत्तीसगढ़ से प्रधानमंत्री मोदी का रहा आत्मीय जुड़ाव

मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपने कार्य अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि उनका छत्तीसगढ़ से लंबे समय से आत्मीय संबंध रहा है। प्रधानमंत्री ने प्रदेश में पर्याप्त समय बिताया और यहां के लोगों तथा जनजीवन को नजदीक से समझा है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में केंद्रीय राज्यमंत्री के रूप में उन्हें नरेंद्र मोदी के साथ कार्य करने का अवसर मिला। उस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री की कार्यशैली, अनुशासन, दूरदृष्टि और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण को करीब से देखा।

विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा प्रदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का लक्ष्य देश के सामने है। इसी दिशा में छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने के लिए भी योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के लिए विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया है। इसमें आने वाले वर्षों की जरूरतों, संभावनाओं और विकास की प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए कार्ययोजना तैयार की गई है। सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ प्रदेश के हर क्षेत्र और प्रत्येक नागरिक तक पहुंचे।

बदलते बस्तर में युवाओं को दिख रहा बेहतर भविष्य

मुख्यमंत्री ने बस्तर में हो रहे बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि जिन क्षेत्रों में कभी हिंसा और भय का प्रभाव था, वहां अब शांति, विश्वास और विकास का वातावरण मजबूत हो रहा है। दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि बदलते बस्तर में नई पीढ़ी अब अपने भविष्य को लेकर बड़े सपने देख रही है और उन्हें पूरा करने के लिए आगे बढ़ रही है।

बस्तर के विद्यार्थियों ने साझा किए अनुभव

युवा संवाद के दौरान बस्तर से रायपुर आकर विभिन्न विद्यालयों में अध्ययन कर रहे विद्यार्थियों गोविंद कुमार, दृष्टि ध्रुव, दीपक मरकाम और दीना उइके ने अपने अनुभव साझा किए।

विद्यार्थियों ने बस्तर में हो रहे बदलावों पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि दूरस्थ इलाकों में स्कूल, अस्पताल, सड़क और अन्य जरूरी सुविधाओं का विस्तार होने से लोगों के जीवन में बदलाव आया है। भय का वातावरण कम होने से बच्चों और युवाओं में भविष्य को लेकर आत्मविश्वास बढ़ा है।

विद्यार्थियों ने कहा कि बस्तर की नई पीढ़ी अब भारतीय सेना और सिविल सेवाओं में जाने के साथ डॉक्टर, इंजीनियर और अन्य क्षेत्रों में करियर बनाने के सपने देख रही है। उनका उद्देश्य आगे चलकर प्रदेश और देश की सेवा करना है।

मुख्यमंत्री साय ने विद्यार्थियों के विचारों की सराहना करते हुए कहा कि बस्तर के बच्चों की आंखों में दिखाई देने वाले सपने बदलते छत्तीसगढ़ की सकारात्मक तस्वीर प्रस्तुत करते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर अवसर और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें।

1200 युवा करीब 2000 किलोमीटर की यात्रा पर

कार्यक्रम में आभार व्यक्त करते हुए राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला ने सेवा संकल्प यात्रा के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यात्रा में करीब 1200 युवा शामिल हैं, जो लगभग 2000 किलोमीटर की दूरी तय कर रहे हैं।

यात्रा के दौरान युवा स्वच्छता, टीबी मुक्त भारत, नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण और अन्य सामाजिक विषयों को लेकर लोगों के बीच जागरूकता का संदेश पहुंचा रहे हैं।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा, वन मंत्री केदार कश्यप, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, लक्ष्मी वर्मा एवं वी.डी. शर्मा, विधायक मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, किरण सिंहदेव एवं अनुज शर्मा, विभिन्न निगम-मंडल-आयोगों के अध्यक्ष, राहुल टिकरिहा, नवीन मार्कण्डेय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, सेवा संकल्प यात्रा के बाइक राइडर्स और बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।