SDOP याकूब मेमन पर रेप का आरोप, अफसर ने महिला पर ब्लैकमेलिंग के लगाए आरोप
बलरामपुर में पदस्थ SDOP याकूब मेमन पर गंभीर आरोप लगे हैं। रायपुर की रहने वाली एक महिला ने उन पर रेप और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने की शिकायत दर्ज कराई है। वहीं, अफसर ने भी महिला पर ब्लैकमेलिंग और पैसों की उगाही का आरोप लगाया है।
महिला का आरोप
पीड़िता का कहना है कि रायपुर में पोस्टिंग के दौरान याकूब मेमन ने उसका रेप किया और वीडियो बनाकर धमकाने लगे। आरोप है कि बलरामपुर में पदस्थ रहने के दौरान भी अफसर उसे बुलाते थे। महिला ने रायपुर और बलरामपुर दोनों जगह शिकायत की, लेकिन FIR दर्ज नहीं हुई। आखिरकार उसने सरगुजा IG से शिकायत की, जिसके बाद मामला रायपुर पुलिस को सौंपा गया।
SDOP का पलटवार
याकूब मेमन ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि महिला रायपुर के टिकरापारा स्थित उनके किराए के मकान में परिवार के साथ रहती थी। महिला ने पहले आर्थिक मदद मांगी और बाद में जानबूझकर नजदीकियां बढ़ाईं। SDOP का दावा है कि महिला ने अंतरंग पलों का वीडियो बनाने का दबाव डाला और बाद में ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि महिला अब तक उनसे डेढ़ लाख रुपए वसूल चुकी है और मकान अपने नाम करवाने का दबाव बना रही थी। मना करने पर उसने उनकी पत्नी को वीडियो भेजने और फर्जी FIR दर्ज कराने की धमकी दी।
पुलिस की कार्रवाई
सरगुजा IG दीपक कुमार झा ने बताया कि महिला की शिकायत पर महिला थाना सरगुजा में शून्य पर अपराध दर्ज किया गया है। केस डायरी रायपुर भेज दी गई है। अब जांच रायपुर पुलिस करेगी।
ड्यूटी से गायब
मामले के सामने आने के बाद से SDOP याकूब मेमन पिछले 3-4 दिन से ड्यूटी पर नहीं पहुंचे हैं। जानकारी के अनुसार, वे 1998 में SI बने थे और प्रमोशन पाकर TI से SDOP तक पहुंचे हैं। उनका मूल निवास भिलाई है।
